| |

रीवा में कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान डॉ. विक्रांत भूरिया की आंख में चोट: बोले- पुलिस ने डंडा मारा; पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले

रीवा। कल्पना मिश्रा की मौत के मामले में कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान गुरुवार को पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। इस दौरान दोनों पक्षों में जमकर धक्का-मुक्की और झूमाझटकी हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े।

झड़प में झाबुआ विधायक और कांग्रेस नेता विक्रांत भूरिया घायल हो गए। उनकी आंख में चोट आई है। भूरिया ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी ने उनकी आंख पर डंडा मारा।

5 दिन से चल रहा था प्रदर्शन
कांग्रेस पिछले 5 दिनों से अग्रसेन चौराहे पर कल्पना मिश्रा की मौत के मामले में विरोध प्रदर्शन कर रही है। गुरुवार को धरना स्थल से सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता सिरमौर चौराहे की ओर जा रहे थे। सिरमौर चौराहे पर कल्पना मिश्रा के पिता अपनी बेटी की मौत के मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर बैठे हैं। कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता उनसे मिलने के लिए आगे बढ़ रहे थे।

बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश पर विवाद
पुलिस के मुताबिक कांग्रेस कार्यकर्ता बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन कार्यकर्ता आगे बढ़ते रहे। इसी दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। कुछ ही देर में विवाद झूमाझटकी में बदल गया। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े।

विक्रांत भूरिया बोले- आंख फोड़ने की कोशिश की
झड़प में घायल हुए झाबुआ विधायक विक्रांत भूरिया ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, “मैं मना करता रहा, लेकिन पुलिस ने मेरी आंख में डंडे से मारा। मेरी आंख फोड़ने की कोशिश की गई।” भूरिया की आंख में चोट आने के बाद उन्हें उपचार के लिए ले जाया गया।

सिरमौर चौराहे पहुंचे जीतू पटवारी
पीसीसी चीफ जीतू पटवारी पहले ही सिरमौर चौराहे पहुंच गए थे। उन्होंने कल्पना मिश्रा के पिता से मुलाकात की और उनके अनशन की जानकारी ली। पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प के बाद पटवारी ने कहा कि कल्पना मिश्रा की मौत का मामला कांग्रेस के सभी विधायक मिलकर विधानसभा में उठाएंगे।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मामले में राज्यपाल और मुख्य सचिव से भी मुलाकात करेगी। पटवारी ने कहा कि मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर कांग्रेस की लड़ाई आगे भी जारी रहेगी।

Share