धार में अल्ट्राटेक के ट्रक ने बाइक सवार युवक को कुचला: बेटे के साथ घर जा रहा था; अक्सर होते है हादसे

धार। मनावर के खलघाट मार्ग पर स्थित डाक बंगले के पास अल्ट्राटेक सीमेंट कंपनी के ट्रेलर ट्रक ने सड़क बाइक सवार को कुचल दिया। ट्रक के पिछले टायर की चपेट में आने से युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में बेटा भी घायल हुआ है।
बच्चे के साथ घर जा रहा था
मृतक रंजीत ग्राम अजंदीमान का रहने वाला था। वह अपने बच्चे के साथ बाइक से घर जा रहा था। तभी तेज रफ्तार ट्रक के पिछले टायर में आ जाने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। डायल 112 की मदद से शव को सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद ड्राइवर ट्रक को मौके पर छोड़कर भाग गया।
लापरवाही से चला रहा था ट्रक
स्थानीय लोगों ने बताया कि ट्रक चालक ने लापरवाही से ट्रक चला रहा था। तभी बाइक सवार के सिर पर ट्रक का पहिया चढ़ गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद रंजीत को मृत घोषित किया।
पुलिस ने ट्रक जब्त किया
मनावर पुलिस घटनास्थल से ट्रक को जब्त कर थाने ले जाने की कार्रवाई कर रही है। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। उन्होंने बताया कि डाक बंगले के सामने सड़क पर अतिक्रमण के कारण अक्सर हादसे होते रहते हैं।