राहुल गांधी के इंदौर दौरे से पहले BJP नेता की चुनौती: बोले- कार्यक्रम में वंदे मातरम गाकर दिखाएं; खुद गाते हुए अटके

इंदौर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के 19 सितंबर को प्रस्तावित इंदौर दौरे से पहले भाजपा नेता नानूराम कुमावत ने उन्हें वंदे मातरम गाने की चुनौती दी है।
राहुल गांधी 19 सितंबर को ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होने के लिए इंदौर पहुंचेंगे, जहां वे विद्यार्थियों से संवाद करेंगे।
वंदे मातरम के उच्चारण में अटके भाजपा नेता
भाजपा नेता नानूराम कुमावत ने राहुल गांधी को चुनौती देते हुए कहा कि उन्हें कार्यक्रम में वंदे मातरम गाना चाहिए। इस दौरान वहां मौजूद पत्रकारों ने नानूराम से ही वंदे मातरम गाने को कहा। इसके बाद उन्होंने गाना शुरू किया, लेकिन उच्चारण में कई बार अटकते नजर आए।
कार्यक्रम में वंदे मातरम गाने की मांग
राहुल गांधी के 19 सितंबर को प्रस्तावित ‘गूंज’ कार्यक्रम में हजारों युवा छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। इसी को लेकर संस्था पुरुषार्थ ने प्रेस वार्ता कर कार्यक्रम में वंदे मातरम का सभी छह छंदों के साथ पूर्ण गान कराने की मांग की है।
कांग्रेस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन की चेतावनी
संस्था ने कांग्रेस से आग्रह किया कि कार्यक्रम में वंदे मातरम का संपूर्ण गायन कराया जाए। संस्था का कहना है कि यदि ऐसा नहीं किया गया तो वह कॉलेजों और स्कूलों में जाकर कांग्रेस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेगी और विद्यार्थियों के बीच इस मुद्दे को उठाएगी।
10 तारीख तक सूचना दें
अध्यक्ष नानुराम कुमावत ने कहा कि हमने जीतू पटवारी से भी पूछा की वह 10 तारीख तक हमें बताएं कि कार्यक्रम में वंदे मातरम का गायन किया जाएगा या नहीं। यह विचार हमें इसलिए आया क्योंकि पूतना ने कृष्ण भगवान को दूध के साथ विष पिलाने का प्रयास किया था। तो उसी से हमें ख्याल आया कि कही कांग्रेस इस कार्यक्रम के तहत छात्रों के मन में राष्ट्र के प्रति बुरे विचार न डालें ।
वंदे मातरम के सामूहिक गायन का आह्वान किया था
दरअसल, वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर इसे लेकर देशभर में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री ने भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लोगों से वंदे मातरम के सामूहिक गायन का आह्वान किया था।
राष्ट्रगीत रुकवाने की कोशिश
इसके तहत कांग्रेस कार्यालय में 15 अगस्त को जब वंदे मातरम गाय गया तो राहुल गांधी और सोनिया गांधी असहज नजर आए थे। इसको लेकर एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था जिसमें वह वंदे मातरम रुकवाते हुए भी नजर आए।
19 को कार्यक्रम प्रस्तावित
अब राहुल गांधी के इंदौर दौरे से पहले भाजपा ने एक बार फिर वंदे मातरम का मुद्दा उठाया है। 19 सितंबर को होने वाले कार्यक्रम में राहुल गांधी विद्यार्थियों से बातचीत करेंगे और विभिन्न मुद्दों पर उनसे संवाद करेंगे।