धार में 75 क्विंटल अवैध लकड़ी से भरा आयशर जब्त: कागजात नहीं मिले; सप्लायर की तलाश कर रही पुलिस
धार। वन संपदा के अवैध परिवहन के खिलाफ धार वन विभाग के उड़नदस्ते ने चौथी बड़ी कार्रवाई की। टीम ने घाटा-बिल्लौद-धार मार्ग पर 75 क्विंटल आरा-काट लकड़ी से भरा आयशर वाहन पकड़ा है। वाहन चालक लकड़ी के परिवहन से जुड़े कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
वन मंडलाधिकारी विजयानंथम टीआर के निर्देशन और उड़नदस्ता प्रभारी राजेंद्र राठौर के नेतृत्व में टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की। निगरानी के दौरान आयशर वाहन क्रमांक MP 09 GG 1663 को रोककर तलाशी ली गई। वाहन में बड़ी मात्रा में लकड़ी मिली।
कागजात नहीं मिले
पूछताछ के दौरान चालक अरुण पिता नंदराम से लकड़ी के परिवहन की अनुमति और अन्य दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई कागजात नहीं दिखा सका। इसके बाद वन विभाग ने वाहन और लकड़ी को जब्त कर मांडव रोड स्थित वन विश्रामगृह पहुंचाया।
लकड़ी की सप्लाय चेन ढूंढ रही पुलिस
अब वन विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि लकड़ी कहां से काटी गई, किस आरा मशीन पर इसे चिराया गया और इसे कहां ले जाया जा रहा था। डीएफओ विजयानंथम टीआर ने कहा कि वन संपदा का अवैध परिवहन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में कार्रवाई जारी रहेगी।