| |

इंदौर में त्योहारों पर सुरक्षा और ट्रैफिक का प्लान: ड्रोन से होगी निगरानी; नियमों का पालन जरूरी

इंदौर। त्योहारों को देखते हुए इंदौर पुलिस ने सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस कमिश्नर कार्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक हुई। जिसमें पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह के साथ सभी थाना क्षेत्रों के डीसीपी, एसीपी और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

अनुमति की शर्तों का पालन हो 
बैठक में त्योहारों के दौरान होने वाले आयोजनों की रूपरेखा और सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि आयोजकों के साथ पहले से बैठक कर कार्यक्रम की जानकारी ली जाए और जरूरी वैधानिक अनुमति निर्धारित शर्तों के साथ जारी की जाए। अनुमति की शर्तों का पालन भी सख्ती से कराया जाएगा।

जनस्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखा जाएगा
एडिशनल कमिश्नर मयंक अवस्थी ने बताया कि त्योहारों के दौरान जनसुरक्षा और जनस्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखा जाएगा। आयोजनों में प्रशिक्षित वॉलंटियर्स की मदद ली जाएगी और पुलिस के साथ बेहतर समन्वय बनाया जाएगा।

ट्रैफिक व्यवस्था सुचारु रहे 
त्योहारों के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर भी विशेष निर्देश दिए गए हैं, ताकि भीड़ और आयोजनों के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी न हो। पुलिस संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में ड्रोन सर्विलांस और आधुनिक तकनीक के जरिए निगरानी रखेगी। पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ तकनीकी संसाधनों के इस्तेमाल पर भी जोर दिया गया है।

Share