इंदौर में लिफ्ट से चोरी हुआ 8 लाख से भरा बैग; पुलिस ने कुछ घंटों में आरोपी को ढूंढा; CCTV से मिला सुराग

इंदौर। राऊ थाना क्षेत्र में लिफ्ट से 8 लाख से भरा बैग चोरी करने वाले को पुलिस ने कुछ घंटों में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई पूरी 8 लाख की रकम बरामद कर ली है।
लिफ्ट में छूटा बैग
पुलिस के मुताबिक, फरियादी बैंक से लोन के 8 लाख लेकर ट्रेजर फैंटेसी स्थित अपने घर पहुंचे थे। लिफ्ट में जाते समय उन्होंने रुपयों से भरा बैग फर्श पर रख दिया। इसके बाद बैग लिफ्ट में ही छूट गया। कुछ देर बाद वापस आने पर बैग गायब मिला।
सीसीटीवी कैमरों से मिले सुराग
शिकायत के बाद राऊ पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज से मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान की और उसकी तलाश शुरू की।
रेती मंडी रेलवे ब्रिज के पास से पकड़ा
पुलिस ने रेती मंडी रेलवे ब्रिज के पास घेराबंदी कर 32 वर्षीय यमन जैन, निवासी आनंद नगर को नीले बैग के साथ पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने बैग चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से 8 लाख की पूरी रकम बरामद कर ली।