इंदौर के यात्रियों को रेलवे की सौगात: स्पेशल ट्रेनों के फेरे बढ़े; नवंबर-दिसंबर तक मिलेगा फायदा

इंदौर। त्योहारी सीजन में बढ़ती यात्रा मांग को देखते हुए पश्चिम रेलवे ने विशेष किराये पर संचालित 6 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के फेरे फिर बढ़ा दिए हैं। इनमें इंदौर से चलने वाली दो स्पेशल ट्रेनें भी शामिल हैं। इससे त्योहारों के दौरान यात्रियों को अतिरिक्त ट्रेन सुविधा मिल सकेगी।
इंदौर-निजामुद्दीन स्पेशल नवंबर तक चलेगी
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार के अनुसार, ट्रेन संख्या 09309 इंदौर–हजरत निजामुद्दीन द्विसाप्ताहिक स्पेशल के फेरे बढ़ाकर 27 नवंबर 2026 तक कर दिए गए हैं। वहीं ट्रेन संख्या 09310 हजरत निजामुद्दीन–इंदौर द्विसाप्ताहिक स्पेशल का संचालन 28 नवंबर 2026 तक बढ़ाया गया है।

इंदौर-खड़की स्पेशल के फेरे भी बढ़ाए
इंदौर से खड़की के बीच चलने वाली स्पेशल ट्रेन के फेरे भी फिर विस्तारित किए गए हैं। इसका संचालन दिसंबर के अंतिम सप्ताह तक बढ़ाया गया है। रेलवे ने यात्रियों की सुविधा और त्योहारी सीजन में बढ़ती मांग को देखते हुए यह निर्णय लिया है।