| | |

जमीन दिलाने के नाम पर 1.38 करोड़ की धोखाधड़ी; 2 साल से फरार आरोपी गुजरात से गिरफ्तार; न रजिस्ट्री कराई न रुपए लौटाए

इंदौर। विजयनगर थाना पुलिस ने करीब दो साल से फरार चल रहे 1 करोड़ 38 लाख रुपए की धोखाधड़ी के आरोपी राजेश जैन को गुजरात से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर राजस्थान के बांसवाड़ा में जमीन दिलाने के नाम पर ब्रोकर के जरिए फरियादी से 1 करोड़ 38 लाख 13 हजार 750 रुपए लेने का आरोप है। रकम लेने के बाद आरोपी ने न जमीन की रजिस्ट्री कराई और न ही पैसे वापस किए।

आरोपी राजेश जैन पिता चंपालाल जैन मूल रूप से बांसवाड़ा, राजस्थान का रहने वाला है। वर्तमान में वह अहमदाबाद, गुजरात में रह रहा था। आरोपी ने बांसवाड़ा में जमीन दिलाने का भरोसा दिलाकर ब्रोकर के माध्यम से फरियादी से बड़ी रकम ली थी। बाद में जमीन की रजिस्ट्री नहीं कराई और रकम भी वापस नहीं की।

तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस
मामले में शिकायत के बाद विजयनगर थाने में धोखाधड़ी और अमानत में खयानत का केस दर्ज किया गया था। आरोपी घटना के बाद से फरार था। पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी। तकनीकी साक्ष्यों और मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गुजरात में दबिश दी और किशनगंज थाना क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

कोर्ट ने भेजा जेल
पुलिस जांच में आरोपी का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को इंदौर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

 

Share