इंदौर DAVV में छात्रसंघ चुनाव की मांग तेज: छात्र प्रतिनिधि ने कुलपति को दिया पत्र; लिखा- जल्द घोषित करें तारीख

इंदौर। देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (DAVV) में छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। IPS कॉलेज के छात्र प्रतिनिधि जयेश चौधरी ने DAVV कुलपति के नाम पत्र सौंपकर जल्द चुनाव कराने की मांग की है।
चुनाव की तारीख जल्द घोषित करने की मांग
छात्र प्रतिनिधि ने पत्र में चुनाव की प्रक्रिया शुरू करने के साथ चुनाव की तारीख जल्द घोषित करने और प्रत्यक्ष निर्वाचन प्रणाली लागू करने की मांग की है। उनका कहना है कि छात्र लंबे समय से छात्रसंघ चुनाव का इंतजार कर रहे हैं। छात्रसंघ के जरिए विद्यार्थी अपनी समस्याएं विश्वविद्यालय प्रशासन तक पहुंचा सकते हैं और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं।
आवश्यक अधिकार और मान्यता देने की मांग
पत्र में हर साल नियमित रूप से छात्रसंघ चुनाव कराने, निर्वाचित छात्रसंघ को विद्यार्थियों की समस्याएं उठाने के लिए आवश्यक अधिकार और मान्यता देने की मांग भी की गई है। साथ ही छात्रसंघ और विश्वविद्यालय प्रबंधन के बीच नियमित संवाद की व्यवस्था बनाने की बात कही गई है। जयेश चौधरी ने कहा कि यह मांग किसी दबाव के तहत नहीं, बल्कि कुलपति से अभिभावक के रूप में विनम्र निवेदन है।