एमराल्ड हाइट्स ने जीता अंडर-14 गर्ल्स बास्केटबॉल खिताब: फाइनल में हैदराबाद पब्लिक स्कूल को 29-7 से हराया

इंदौर। ऑल इंडिया आईपीएससी अंडर-14 गर्ल्स बास्केटबॉल टूर्नामेंट में द एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल, इंदौर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियनशिप अपने नाम की। विद्या देवी जिंदल स्कूल, हिसार में आयोजित प्रतियोगिता के फाइनल में एमराल्ड हाइट्स ने हैदराबाद पब्लिक स्कूल को 29-7 के बड़े अंतर से शिकस्त देकर खिताब पर कब्जा जमाया।
टूर्नामेंट की शुरुआत से ही एमराल्ड हाइट्स की खिलाड़ियों ने शानदार तालमेल, अनुशासन और आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। लीग चरण से लेकर सेमीफाइनल तक टीम ने अपने दमदार प्रदर्शन से प्रतिद्वंद्वी टीमों पर दबदबा बनाए रखा।
लीग से सेमीफाइनल तक शानदार जीत
लीग के मैचों में एमराल्ड ने एसकेवी को 44-4 से तथा एमएनसी राय के खिलाफ 22-17 से हराया। क्वार्टर फाइनल में मेयो कॉलेज को 33-11 से तथा सेमीफाइनल में जेनेसिस को 37-11 से पराजित किया।
फाइनल में हैदराबाद पब्लिक स्कूल को हराया
फाइनल मुकाबले में एमराल्ड हाइट्स ने हैदराबाद पब्लिक स्कूल को 29-7 से शिकस्त देकर खिताब अपने नाम किया। टीम की इस सफलता में आयती दुबे ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विजेता टीम की खिलाड़ियों में कायरा हार्डिया, चक्षु बंसल, आयती दुबे, भव्या अग्रवाल, किवी सोनी, तनिष्का पटेजा, तेजस्वी चेलानी, इवाना जैन, ध्रुवी जैन, काश्वी अग्रवाल, काश्वी दम्मानी और तनिष्का अग्रवाल शामिल थीं।टीम की कोच ज्योति शर्मा, मनोहरी डाबी और राहुल चंदशिव थे। विद्यालय के निदेशक सिद्धार्थ सिंह ने विजेता टीम और प्रशिक्षकों को इस शानदार उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दीं।