|

सेंधवा में स्कूल-आंगनवाड़ी की छत टपकी: बच्चों की पढ़ाई बंद; ग्रामीण बोले- नए भवनों का निर्माण हो

सेंधवा। प्राथमिक स्कूल और आंगनवाड़ी के जर्जर भवनों को लेकर ग्रामीणों ने बुधवार को SDM के नाम नायब तहसीलदार को ज्ञापन दिया। ग्रामीणों ने दोनों भवनों की खराब स्थिति बताते हुए उनके स्थान पर नए भवनों के निर्माण की स्वीकृति देने की मांग की है। ग्रामीणों ने जर्जर भवनों के फोटो और वीडियो भी अधिकारियों और मीडिया को उपलब्ध कराए हैं।

ग्रामीण इलिप डावर ने बताया कि पटेल फलिया स्थित प्राथमिक स्कूल और आंगनवाड़ी भवन लंबे समय से जर्जर हालत में हैं। बारिश के दौरान भवन की छत से पानी टपकता है। जगह-जगह से प्लास्टर भी गिर रहा है।

भवन की खराब स्थिति को देखते हुए यहां कक्षाओं का संचालन बंद कर दिया गया है। इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि जर्जर भवन में बच्चों को बैठाना भी सुरक्षित नहीं है।

कभी भी हो सकता है हादसा
ग्रामीणों ने बताया कि स्कूल और आंगनवाड़ी बच्चों के लिए महत्वपूर्ण केंद्र हैं, लेकिन भवनों की खराब हालत के कारण बच्चों की सुरक्षा को लेकर लगातार चिंता बनी हुई है। बारिश के दौरान छत से पानी टपकने और प्लास्टर गिरने से कभी भी हादसा होने की आशंका है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से दोनों भवनों का निरीक्षण कराकर उनकी स्थिति का आकलन करने और जल्द नए भवनों के निर्माण की प्रक्रिया शुरू करने की मांग की है।

ग्राम सभा में पारित हो चुका है प्रस्ताव
ग्रामीणों के अनुसार, ग्राम पंचायत की ग्राम सभा में प्राथमिक स्कूल और आंगनवाड़ी के नए भवनों के निर्माण को लेकर सर्वसम्मति से ठहराव प्रस्ताव भी पारित किया जा चुका है। इसके बावजूद अब तक भवन निर्माण की दिशा में कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में चिंता बनी हुई है।

ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों भवनों के लिए नवीन भवन स्वीकृत करने और बच्चों के लिए सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

Share