| | |

नागदा में 11 बजे तक दुकानें खुलेंगी: पुलिस ने व्यापारियों की मांग मानी; 10 बजे बंद करने का था आदेश

नागदा। पुलिस प्रशासन द्वारा रात 10 बजे ही बाजार बंद कराए जाने के फरमान से व्यापारियों में भारी आक्रोश है। नारजगी को देखते हुए पुलिस ने अब 11 बजे बाजार बंद करने का कहा है।

इसके पहले व्यापारी महासंघ ने ज्ञापन देकर चेतावनी दी थी कि यदि समय नहीं बढ़ाया गया तो नागदा बंद से लेकर प्रदेशव्यापी आंदोलन करेंगे।

एसडीएम को ज्ञापन सौंपा
मामले में भाजपा और कांग्रेस दोनों ने ही व्यापारियों के समर्थन में उतरते हुए पुलिस की दोहरी नीति पर सवाल खड़े किए हैं। अपराधों और आगामी त्योहारों के मद्देनजर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर रविवार से नागदा में रात 10 बजे ही चाय, पोहा, रेस्टोरेंट, दूध डेयरी, पान और आइसक्रीम की दुकानें बंद कराई जा रही थीं। इसके विरोध में व्यापारी महासंघ ने मंगलवार को एसडीएम कार्यालय तक रैली निकाली और ज्ञापन सौंपा।

देर रात तक खुली रहती हैं शराब की दुकानें 
महासंघ अध्यक्ष दिनेश अग्रवाल ने कहा कि एक तरफ प्रदेश सरकार 24 घंटे बाजार खोलने को बढ़ावा दे रही है, वहीं स्थानीय पुलिस रात 10 बजे ही दुकानें बंद कराकर छोटे व्यापारियों की कमर तोड़ रही है। हैरानी की बात यह है कि जिन शराब दुकानों की वजह से विवाद होते हैं, वे देर रात तक खुली रहती हैं।

सभी के साथ एक जैसा व्यवहार हो 
महासंघ ने सीएसपी विक्रम अहिरवार को भी ज्ञापन देकर चेतावनी दी। ज्ञापन सौंपने वालों में रमेश मेहता, अंकित सेठिया, हनुमान प्रसाद शर्मा, अमित पाल, राकेश राठौर आदि शामिल थे। भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रकाश जैन ने बताया कि विधायक ने स्थानीय वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से स्पष्ट चर्चा कर कहा है कि पुलिस को सभी के साथ एक जैसा व्यवहार करना चाहिए।

अपराधियों की सजा नागदा के व्यापारियों को क्यों?
नागदा व्यापारी संघ अध्यक्ष पंकज नामदेव ने पुलिस की कार्यशैली पर रोष जताते हुए कहा कि उज्जैन में अपराध हो रहे हैं तो वहां की कानून व्यवस्था दुरुस्त की जाए। निर्दोष व्यापारियों और आम जनता को परेशान करना पूरी तरह गलत है।

कांग्रेस ने एएसपी को सौंपा ज्ञापन, 24 घंटे व्यापार की दी दलील
कांग्रेस नेताओं ने भी उज्जैन पहुंचकर एसपी के नाम एएसपी दीपिका शिंदे को ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष महेश परमार, लोकेश चौहान, मुकेश भाटी और जनपद अध्यक्ष पृथ्वीराज सिंह पंवार ने ज्ञापन में कहा कि शासन स्तर पर दुकानों और होटलों को 24 घंटे संचालित रखने के प्रावधान किए गए हैं। 11 बजे दुकानें बंद कराना गलत है।

दुकानें 11 बजे बंद होगी 
सीएसपी विक्रम अहिरवार का कहना है कि अब रात 10.45 बजे से पुलिस समझाइश देना शुरू करेगी और सभी दुकानें रात 11 बजे तक बंद कराई जाएंगी।

Share