राहुल गांधी के इंदौर दौरे को लेकर सियासत: बीजेपी नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने जीतू पटवारी को लिखा पत्र, वेन्यू के लिए दिए 3 विकल्प

इंदौर। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के आगामी इंदौर दौरे और कार्यक्रम स्थल को लेकर राजनीति गर्मा गई है। इंदौर भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी को एक पत्र लिखकर इंदौर की सौहार्दपूर्ण राजनीतिक परंपरा और सौजन्य का हवाला देते हुए तीखा हमला बोला है। पत्र में सुमित मिश्रा ने राहुल गांधी के कार्यक्रम के लिए तीन अलग-अलग वेन्यू (स्थान) के विकल्प भी सुझाए हैं।
सुमित मिश्रा ने अपने पत्र में लिखा कि मीडिया के माध्यम से उन्हें जानकारी मिली है कि राहुल गांधी के कार्यक्रम के लिए जगह ढूंढने में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष और उनकी पूरी टीम की नींद उड़ी हुई है। उन्होंने हाल ही में पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़ के छात्र संघ चुनाव का जिक्र करते हुए लिखा कि वहां एनएसयूआई तीसरे नंबर पर खिसक गई है। जेन-जी (युवाओं) ने राहुल गांधी को संदेश दे दिया है, जिसके बाद इंदौर में हजार-बारह सौ लोगों के साथ संवाद और भोजन की व्यवस्था के लिए कांग्रेस का परेशान होना लाजमी है।

अभय प्रशाल से लेकर सुपर कॉरिडोर तक का विकल्प
भाजपा नगर अध्यक्ष ने पत्र के जरिए कांग्रेस द्वारा कार्यक्रम स्थल को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने विकल्प के तौर पर कहा कि कांग्रेस अभय प्रशाल सभागृह का उपयोग कर सकती है, जहां 2003 में सोनिया गांधी का भी एक कार्यक्रम हो चुका है। इसके अलावा, यदि कांग्रेस 2-3 हजार युवाओं को जुटाने का दावा करती है तो दशहरा मैदान भी अच्छा विकल्प रहेगा। वहीं, कांग्रेस द्वारा 50,000 विद्यार्थियों से संवाद के दावे पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि इस लिहाज से सुपर कॉरिडोर सबसे श्रेष्ठ विकल्प है, जहां संवाद के साथ-साथ भोजन और पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था हो सकती है।
‘मां अहिल्या की नगरी का न करें दुष्प्रचार’
पत्र के अंत में सुमित मिश्रा ने तंज कसते हुए लिखा कि हमेशा सनातन हिंदू धर्म, भारत और वंदे मातरम के विरोध में खड़े होने वाले राहुल गांधी को इंदौर के युवाओं का कितना समर्थन मिलेगा, यह इंदौर की जनता अच्छी तरह जानती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जीतू पटवारी उनके इन सुझावों को गंभीरता से लेंगे और मां अहिल्या की नगरी इंदौर को लेकर दुष्प्रचार नहीं करेंगे। साथ ही कटाक्ष किया कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की ‘कांग्रेस को विसर्जित करने’ की अंतिम इच्छा को पूरा करने में लगे युवराज राहुल गांधी अपने प्रयास जारी रखेंगे।