| | |

MP में लाड़ली बहना और पेंशन पर सियासत: कांग्रेस बोली- 3 हजार का वादा पूरा करे सरकार; 8 महीने से पेंशन अटकी

भोपाल। लाडली बहना योजना और सामाजिक सुरक्षा पेंशन को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। मध्यप्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने सरकार पर लाडली बहनों और जरूरतमंद हितग्राहियों के साथ अन्याय करने का आरोप लगाया।

3 हजार रुपए के वादे पर सवाल
मुकेश नायक ने कहा कि सरकार लाडली बहना योजना के तहत 1500 रुपए प्रतिमाह दे रही है, जबकि महंगाई के कारण आम जनता की परेशानी बढ़ रही है। उन्होंने शक्कर और टमाटर के बढ़े दामों का हवाला देते हुए सवाल उठाया कि आर्थिक सहायता का वास्तविक लाभ जनता को कितना मिल रहा है। मुकेश नायक ने कहा कि चुनाव के दौरान लाडली बहनों को 3 हजार रुपए प्रतिमाह देने का वादा किया गया था। उन्होंने सवाल किया कि आखिर 3 हजार रुपए देने का वादा कहां गया।

60 साल से अधिक उम्र की महिलाओं को लेकर सवाल
मुकेश नायक ने आरोप लगाया कि 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को लाडली बहना योजना से बाहर कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि इसी उम्र में महिलाओं को आर्थिक सहायता की सबसे ज्यादा जरूरत होती है।

पेंशन को लेकर भी सरकार पर आरोप
कांग्रेस नेता ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन को लेकर भी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि दिव्यांग, विधवा और सामाजिक सुरक्षा पेंशन पिछले आठ महीनों से लंबित है। उन्होंने कहा कि सरकार अपने कर्मचारियों और मंत्रियों का वेतन समय पर जारी करती है, वहीं जरूरतमंद बुजुर्गों, विधवाओं और दिव्यांगजनों की पेंशन लंबे समय से रुकी हुई है।

सरकार से जवाब मांग रही कांग्रेस
मुकेश नायक ने सरकार से सवाल किया कि गरीब, बुजुर्ग, विधवा और दिव्यांग हितग्राहियों की लंबित पेंशन कब जारी होगी। उन्होंने लाडली बहनों से किए गए 3 हजार रुपए प्रतिमाह के वादे को भी पूरा करने की मांग की। कांग्रेस के आरोपों पर अब सरकार की प्रतिक्रिया का इंतजार है।

Share