उज्जैन में श्मशान घाट पर तांत्रिक क्रिया विवाद: ‘प्रदेश प्रकाश’ की खबर का असर; FIR की उठी मांग

उज्जैन। चक्रतीर्थ श्मशान घाट पर जलती चिता के पास तांत्रिक क्रिया और मानव अवशेष खाने का वीडियो वायरल होने के बाद उठे विवाद में ‘प्रदेश प्रकाश’ की खबर का असर देखने को मिला है।
खबर प्रसारित होने के बाद संत समाज से लेकर आम जनता में आक्रोश बढ़ गया है और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग तेज हो गई है। बता दें के इस मुद्दे को प्रदेश प्रकाश ने प्रमुखता से उठाया था।
उज्जैन के चक्रतीर्थ श्मशान से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो किन्नर अखाड़े से जुड़ी काली उर्फ नंद गिरी के इंस्टाग्राम अकाउंट से साझा किए जाने का दावा किया जा रहा है। वीडियो में काली हाथ में तलवार लेकर तांत्रिक क्रिया करती नजर आती हैं। इसके बाद वे जलती चिता के पास जाकर तलवार से मानव अवशेष निकालती और उसे खाने का दावा करती दिखाई देती हैं। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी है और कार्रवाई की मांग हो रही है।
समाज की मर्यादा के खिलाफ
संत समाज और आम लोगों में श्मशान घाट की जलती चिता से मांस खाने के वीडियो को लेकर नाराजगी है। महामंडलेश्वर शैलेशानंद गिरी ने कहा कि अघोर साधना की अपनी मर्यादाएं हैं और तांत्रिक क्रियाओं को सार्वजनिक करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि इस तरह का प्रदर्शन वैदिक परंपराओं के अनुरूप नहीं है। उनके मुताबिक, निजी प्रसिद्धि और प्रचार के लिए ऐसी गतिविधियों का प्रसारण करना समाज में गलत संदेश देता है।
एफआईआर की मांग
उज्जैन के श्मशान घाट से जुड़े वायरल वीडियो मामले में अब शिकायत भी सामने आई है। अखाड़े के पीठाधीश्वर एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़ेश्वरी अघोरी बाबा विष्णु नाथ ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि वीडियो में एक महिला जलती चिता के बेहद करीब जाकर धारदार औजार से चिता की सामग्री और मानव अवशेषों से छेड़छाड़ करती दिखाई दे रही है। बाबा ने इसे सनातन और अघोर परंपरा के नाम पर पाखंड बताया। उन्होंने प्रशासन से मामले की जांच कर दोषी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की मांग की है।
क्यों छिना गया महामंडलेश्वर पद?
श्री श्री 1008 माता सती नंदगिरी अंतराष्ट्रीय किन्नर अखाड़ा ने प्रदेश प्रकाश को जानकारी देते हुए बताया कि, किन्नर अघोरी काली उर्फ नंद गिरी मेरी शिष्या थीं। लेकिन अब वह मेरी शिष्या भी नहीं है। क्युकि पहले भी ऐसे विवाद के वीडियो उनके सामने आए है। उन्हे बहुत बार समझाने के बाद भी उन्होंने सुधार नहीं किया। इसलिए उन्हें अंतराष्ट्रीय किन्नर अखाड़ा से बर्खास्त कर दिया था।