| | | | |

MP के 11 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट: अब तक बरसा 700 मिमी; इंदौर-उज्जैन में पानी कम

मध्य प्रदेश। राज्य में एक बार फिर स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव होने से पूर्वी हिस्से में बारिश का दौर तेज हो गया है। रविवार को शहडोल के बाणसागर डैम के 6 गेट खोल दिए गए।

सिंगरौली में तेज बारिश हुई, जबकि सतना के चित्रकूट में मंदाकिनी नदी उफान पर रही। बाढ़ के कारण कई इलाकों में सड़क, पुल और घर प्रभावित हुए हैं।

11 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
सोमवार को पूर्वी मध्य प्रदेश के 11 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। रीवा, मऊगंज, मैहर, सीधी, उमरिया, शहडोल, डिंडौरी, अनूपपुर, मंडला, सिवनी और बालाघाट में भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा प्रदेश के कई अन्य जिलों में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश होने का अनुमान है।

चित्रकूट में बाढ़ से हालात बिगड़े
रविवार को चित्रकूट में मंदाकिनी नदी करीब 30 फीट के उफान पर रही। गोरगी बांध फूटने से कई इलाकों में पानी भर गया। तेज बहाव के कारण रामघाट का बड़ा पुल भी बह गया। बाढ़ का पानी उतरने के बाद घरों और सड़कों पर मिट्टी, कचरा और कीचड़ जमा हो गया। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने चित्रकूट पहुंचकर बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा लिया। उन्होंने आश्रय स्थल में प्रभावित लोगों से मुलाकात की और राहत सामग्री बांटी। मुख्यमंत्री ने चित्रकूट में अतिक्रमण को भी बाढ़ की संभावित वजहों में से एक बताया।

बाणसागर डैम के 6 गेट खोले
शहडोल का बाणसागर डैम भी लगातार बारिश के बाद लबालब हो गया है। डैम में पानी की आवक 808.64 क्यूमेक्स से बढ़कर 12 घंटे में 2677.29 क्यूमेक्स हो गई। पिछले साल की तुलना में इस बार जलस्तर 13 सेंटीमीटर अधिक है। रविवार दोपहर 12 बजे डैम के 6 गेट खोलकर पानी छोड़ा गया। निचले इलाकों में अलर्ट जारी किया गया है।

सितंबर की शुरुआत में भी भारी बारिश का अनुमान
मौसम विभाग ने सितंबर के शुरुआती तीन दिनों में कई जिलों में अति भारी बारिश की चेतावनी दी है। सीधी, उमरिया, मंडला, निवाड़ी, छतरपुर, पन्ना, दमोह, नरसिंहपुर और नर्मदापुरम समेत कई जिलों में 24 घंटे के दौरान 4 से 8 इंच तक बारिश होने का अनुमान है।

प्रदेश के डैमों में तेजी से बढ़ा पानी
लगातार बारिश से प्रदेश के अधिकांश डैमों में पानी की स्थिति बेहतर हुई है। कई बांधों में जलस्तर 70 प्रतिशत से ज्यादा पहुंच गया है और कुछ बांधों के गेट भी खोले जा चुके हैं। हालांकि, इंदौर और उज्जैन संभाग के बांधों में अभी स्थिति अपेक्षाकृत कमजोर है।

बड़े तालाब का जलस्तर 1666.50 फीट पहुंचा 
भोपाल के बड़े तालाब का जलस्तर 1666.50 फीट पहुंच गया है। अब यह फुल टैंक लेवल से सिर्फ 0.30 फीट नीचे है। तालाब पूरी तरह भरने के बाद भदभदा डैम के गेट खोले जाएंगे। यहां से छोड़ा गया पानी कलियासोत डैम में पहुंचेगा, जिससे उसका जलस्तर भी बढ़ेगा।

27.2 इंच बारिश रिकॉर्ड
मौसम केंद्र के मुताबिक मध्य प्रदेश में अब तक 700 मिमी यानी 27.2 इंच बारिश हो चुकी है। सामान्य बारिश 30.4 इंच यानी 772.3 मिमी के मुकाबले प्रदेश में 3.2 इंच कम बारिश हुई है। ओवरऑल बारिश सामान्य से 9 प्रतिशत कम है। पूर्वी हिस्से में 5 प्रतिशत और पश्चिमी हिस्से में 12 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है।

Share