धार में 500 रुपए में बनाता था फर्जी चरित्र प्रमाण पत्र: लैपटॉप से 27 प्रमाण पत्र मिले; फर्जी रबर सील भी बरामद

धार। पुलिस ने फर्जी अस्थाई चरित्र प्रमाण पत्र बनाने के मामले में कार्रवाई की है। पुलिस ने एक फोटो कॉपी सेंटर संचालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी अपनी दुकान पर पुलिस की फर्जी रबर सील लगाकर प्रमाण पत्र तैयार करता था। इसके बदले लोगों से 500 रुपए लेने की बात सामने आई है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से थाना मनावर की फर्जी रबर सील बरामद की है। एक लैपटॉप और फर्जी प्रमाण पत्रों की प्रतियां भी मिली हैं। जांच में लैपटॉप से 27 चरित्र प्रमाण पत्र और शपथ पत्र मिलने की जानकारी पुलिस ने दी है।

मुखबिर की सूचना पर पहुंची पुलिस
SDOP मनावर ब्रजेश कुमार मालवीय ने बताया कि 29 अगस्त को उपनिरीक्षक मनीष कुमार चौधरी को मुखबिर से सूचना मिली थी। सूचना थी कि मनावर स्थित आदित्य फोटो कॉपी सेंटर पर फर्जी चरित्र प्रमाण पत्र बनाए जा रहे हैं। सूचना के बाद पुलिस टीम दुकान पर पहुंची। यहां संचालक आदित्य पिता छगनलाल सोलंकी 32 मिला। वह पटेल कॉलोनी मनावर का निवासी है।
पंचों की मौजूदगी में दुकान की तलाशी ली गई। इस दौरान थाना प्रभारी, पुलिस थाना मनावर के नाम और फोन नंबर वाली रबर सील मिली। विभिन्न प्रमाण पत्रों की छायाप्रतियां भी मिलीं।
लैपटॉप में मिले 27 प्रमाण पत्र
पुलिस ने मौके से डैल कंपनी का लैपटॉप और चार्जर भी जब्त किया। पुलिस के अनुसार इसी लैपटॉप से फर्जी प्रमाण पत्र तैयार किए जाते थे। लैपटॉप की जांच में 27 चरित्र प्रमाण पत्र और शपथ पत्र मिलने की बात सामने आई है। पुलिस अब इन प्रमाण पत्रों से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है।
आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस रिमांड लेकर मामले में आगे पूछताछ और जांच की जाएगी। कार्रवाई में थाना प्रभारी राजेश यादव, उपनिरीक्षक मनीष कुमार चौधरी, आरक्षक 1086 कमल सोलंकी और आरक्षक 120 मनिया सोलंकी की भूमिका रही।