आलीराजपुर में जन विश्वास शिविर: 90 आवेदन मिले; मंत्री नागर सिंह चौहान बोले- हर पात्र को मिले योजनाओं का लाभ

आलीराजपुर। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान 2026 के तहत चंद्रशेखर आजाद नगर के कृषि मंडी परिसर में चौथा शिविर लगाया गया। शिविर कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान की अध्यक्षता में हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की पूजा-अर्चना से हुई।
शिविर में नगर परिषद और अलग-अलग विभागों से जुड़ी समस्याएं लेकर बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। कुल 90 आवेदन मिले। इनमें से 23 का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया। बाकी आवेदनों को संबंधित विभागों को भेजकर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
मंत्री बोले- हर पात्र व्यक्ति को योजनाओं का लाभ मिले
मंत्री नागर सिंह चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा है कि सरकार की हर जन कल्याणकारी योजना का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचे। अगर किसी व्यक्ति को योजना का लाभ लेने में परेशानी आ रही है तो वह संबंधित अधिकारी से संपर्क कर सकता है।
उन्होंने कहा कि शिविर में जिन समस्याओं का समाधान नहीं हो पाएगा, उन्हें जिला और संभाग स्तर पर भेजा जाएगा। जरूरत पड़ने पर मामला भोपाल स्तर तक भी ले जाकर समाधान कराया जाएगा। मंत्री ने कहा कि जो लोग इस शिविर में आवेदन नहीं कर पाए हैं, वे जिले में लगने वाले किसी भी जन-विश्वास शिविर में अपनी समस्या रख सकते हैं।

पानी, स्कूल और खाद की व्यवस्था पर भी बात
मंत्री चौहान ने आजाद नगर क्षेत्र में पेयजल की समस्या जल्द दूर करने की बात कही। उन्होंने लोगों से सरकारी स्कूलों की व्यवस्थाओं पर नजर रखने की अपील की। स्कूल में कोई कमी दिखने पर प्राचार्य को जानकारी देने को कहा।
उन्होंने बताया कि जिले में करीब 9 हजार हितग्राहियों को वन अधिकार पट्टे दिए जा चुके हैं। किसानों और सोसायटियों से नियमित राशन लेने की अपील की गई। खाद के लिए फार्मर आईडी बनवाने और जमीन के दस्तावेजों में जरूरी सुधार कराने की बात भी कही गई।

बिना सहमति जमीन अधिग्रहण नहीं होगा
खनन से जुड़े मामलों पर मंत्री ने कहा कि किसी व्यक्ति की जमीन ग्राम पंचायत या संबंधित लोगों की सहमति के बिना अधिग्रहित नहीं की जाएगी। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की।
जनवरी 2027 तक गांवों में लगेंगे शिविर
कलेक्टर नीतू माथुर ने कहा कि जन-विश्वास शिविरों का उद्देश्य लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर से राहत देना है। स्थानीय स्तर पर ही उनकी समस्याओं का समाधान करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने बताया कि जनवरी 2027 तक जिले के प्रत्येक गांव में अलग-अलग क्लस्टर बनाकर शिविर लगाए जाएंगे। शिविर में CEO संघमित्रा गौतम, अपर कलेक्टर सोहन कनाश, पूर्व विधायक माधु सिंह डावर सहित विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।