इंदौर में फर्जी राजस्व आदेश बनाने का आरोप: पक्षकार को फायदा पहुंचाने कूटरचित दस्तावेज तैयार किया; अधिवक्ता पर केस

इंदौर। पक्षकार को फायदा पहुंचाने के लिए कथित तौर पर फर्जी राजस्व आदेश तैयार करने का मामला सामने आया है। पंढरीनाथ थाना पुलिस ने तहसीलदार राकेश सिंह की शिकायत पर केस दर्ज किया है। मामले में अधिवक्ता आशीष अग्रवाल के खिलाफ कूटरचित दस्तावेज तैयार करने समेत अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है।
अपर आयुक्त कार्यालय से आदेश जारी होने का दावा किया था
अधिवक्ता आशीष अग्रवाल, पुष्प रतन प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर अंकित गुप्ता के अधिवक्ता हैं। आरोप है कि पक्षकार को फायदा पहुंचाने के लिए एक राजस्व आदेश तैयार किया गया। इस आदेश को राजस्व विभाग के अपर आयुक्त कार्यालय से जारी होना बताया गया था। दस्तावेज के आधार पर पक्षकार को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया गया।

जांच में सामने आया फर्जी आदेश
मामला सामने आने के बाद संबंधित दस्तावेज की जांच कराई गई। जांच में पता चला कि जिस आदेश को अपर आयुक्त कार्यालय से जारी होना बताया गया था, वह वहां से जारी ही नहीं हुआ था। इसके बाद तहसीलदार राकेश सिंह ने मामले की शिकायत पुलिस से की। शिकायत के आधार पर पंढरीनाथ थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अब फर्जी दस्तावेज तैयार करने और उसका इस्तेमाल करने से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। दस्तावेज किस तरह तैयार हुआ और इसे कहां-कहां इस्तेमाल किया गया, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है।