70 किलो एमडी ड्रग्स केस में 46वीं गिरफ्तारी: अकरम खान लंबे समय से था फरार; नासिक से पकड़ा

इंदौर। 2021 के चर्चित 70 किलो एमडी ड्रग्स मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी अकरम खान को इंदौर क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को महाराष्ट्र के नासिक से पकड़ा है। अब उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।
70 किलो एमडी और 13 लाख रुपए हुए थे बरामद
क्राइम ब्रांच ने 2021 में ड्रग्स के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 70 किलो एमडी ड्रग्स बरामद की थी। कार्रवाई के दौरान 13 लाख 3 हजार 150 रुपए नकद भी मिले थे। पुलिस जांच में इस मामले में कुल 49 आरोपियों के नाम सामने आए थे। इनमें से 45 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। अकरम खान लंबे समय से फरार चल रहा था।

महाराष्ट्र में कई मामले दर्ज
अकरम खान के खिलाफ महाराष्ट्र में पहले से कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ मकोका के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है। क्राइम ब्रांच को आरोपी के पकड़े जाने के बाद ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े दूसरे लोगों के बारे में जानकारी मिलने की उम्मीद है। पुलिस उससे ड्रग्स की सप्लाई और नेटवर्क में उसकी भूमिका को लेकर पूछताछ कर रही है।