मामा के घर गया भांजा नहर में डूबा मौत: पैर फिसलने से तेज बहाव में बहा; ग्रामीणों ने बाहर निकाला

धामनोद। रक्षाबंधन पर मामा के घर आया 12 साल का बच्चा नहर में डूब गया। हादसे में उसकी मौत हो गई। घटना शनिवार सुबह करीब 10 बजे कातर नहर के पास हुई।घाटाबिल्लौद निवासी वंश (12) पिता भीम रक्षाबंधन मनाने ग्राम तारापुर कातर में अपने मामा सोनू मजारें के घर आया था। शनिवार सुबह वह कातर नहर के पास पहुंचा। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह नहर में जा गिरा। नहर में पानी का बहाव तेज होने से वह संभल नहीं पाया।
ग्रामीणों ने नहर से बाहर निकाला
घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने बच्चे को नहर से बाहर निकालने की कोशिश की। कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला गया। इसके बाद परिजन और स्थानीय लोग उसे धामनोद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। सीएचसी के डॉक्टर सचिन पाटीदार ने जांच के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर के मुताबिक अस्पताल पहुंचने के समय ही उसकी मौत हो चुकी थी।

पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा
घटना की जानकारी मिलने पर धामनोद थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले में वैधानिक कार्रवाई की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
रक्षाबंधन के दिन हुए हादसे से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। घटना के बाद परिवार और गांव में शोक का माहौल है।