धार में राशन दुकानों पर हो रही कालाबाजारी: 3 राशन दुकानों में अनाज वितरण में गड़बड़ी; समिति प्रबंधक और विक्रेता पर FIR

धार। जिले की धरमपुरी विधानसभा क्षेत्र में शासकीय उचित मूल्य की राशन दुकानों से जुड़े अनाज की अवैध कालाबाजारी का मामला सामने आया है। ग्राम डोंगरी, दसोड़ा और पिपल्याखुट की राशन दुकानों में राशन वितरण में गड़बड़ी के आरोप लगे हैं। मामले में धरमपुरी पुलिस ने समिति प्रबंधक और राशन विक्रेता के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
खाद्य अधिकारी ने थाने में दर्ज कराई शिकायत
जानकारी के अनुसार, मनावर SDM कार्यालय से प्राप्त आवेदन के आधार पर खाद्य अधिकारी किशन पाल ने धरमपुरी थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी। शिकायत में डोंगरी, दसोड़ा और पिपल्याखुट की शासकीय उचित मूल्य राशन दुकानों में अनाज वितरण में गड़बड़ी का उल्लेख किया गया।
शिकायत के अनुसार, गरीबों को वितरण के लिए मिलने वाले राशन में हेराफेरी की गई। मामले में बड़े पैमाने पर अनियमितता सामने आने के बाद प्रशासन ने कार्रवाई शुरू की।
समिति प्रबंधक और सेल्समैन पर केस
खाद्य अधिकारी की शिकायत के आधार पर धरमपुरी पुलिस ने मामले में समिति प्रबंधक नितेश जोशी और राशन विक्रेता यानी सेल्समैन नितिन शर्मा के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
प्रशासनिक जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई
धरमपुरी थाना प्रभारी सरदार सिंह मीणा ने बताया कि खाद्य अधिकारी किशन पाल थाने में उपस्थित हुए थे। उन्होंने राशन दुकानों में अनाज वितरण में गड़बड़ी को लेकर आवेदन प्रस्तुत किया था।
प्रशासनिक जांच और प्राप्त आवेदन के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है। मामले में आगे की जांच की जा रही है। जांच के दौरान राशन वितरण से जुड़ी अनियमितताओं और कालाबाजारी के संबंध में अन्य तथ्यों की भी पड़ताल की जाएगी।