| | |

12 साल के वंश ने स्टेट शूटिंग में किया क्वालीफाई: ओलंपिक में गोल्ड जीतना है सपना; कोच बोले- नेशनल तक पहुंचना अगला लक्ष्य

सेंधवा। 12 साल के वंश बलसोरे ने एयर राइफल शूटिंग में शानदार प्रदर्शन किया है। वंश ने 13 MP स्टेट एयर राइफल शूटिंग प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करते हुए स्टेट लेवल के लिए क्वालीफाई किया। अब वंश की नजर अगले पड़ाव पर है। सितंबर में पंजाब के मोहाली में होने वाले प्री-नेशनल मुकाबले में वह अपनी प्रतिभा दिखाएगा।

वंश ने कम उम्र में ही निशानेबाजी के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई है। उसने लगातार मेहनत और अभ्यास के दम पर यह उपलब्धि हासिल की। स्टेट क्वालीफाई करने के बाद परिवार में खुशी का माहौल है। वंश की सफलता पर गांव में भी उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने जगह-जगह उसका स्वागत किया। साथ ही उसके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

सितंबर में मोहाली में होगा प्री-नेशनल मुकाबला
स्टेट लेवल पर क्वालीफाई करने के बाद अब वंश का अगला लक्ष्य प्री-नेशनल मुकाबला है। सितंबर में पंजाब के मोहाली में प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसमें देशभर के प्रतिभावान निशानेबाज हिस्सा लेंगे। वंश भी इस मुकाबले में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेगा। इसके लिए वह लगातार अभ्यास कर रहा है।

ओलंपिक में गोल्ड जीतना है सपना
वंश का सपना भी बड़ा है। उसका कहना है कि वह आने वाले समय में भारत का प्रतिनिधित्व करना चाहता है। उसका लक्ष्य ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतना है। साथ ही वह देश का नाम पूरी दुनिया में रोशन करना चाहता है। वंश की इस उपलब्धि से उसके पिता रामलाल बलसोरे भी बेहद खुश हैं। उनका कहना है कि बेटे का सपना देश के लिए नाम रोशन करना है। परिवार उसके सपने को पूरा करने के लिए हर संभव सहयोग करेगा।

कोच बोले- नेशनल तक पहुंचना अगला लक्ष्य
वंश के कोच नीरज माहुले ने बताया कि छोटे से गांव के इस बेटे ने कड़ी मेहनत और लगातार अभ्यास के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। वंश ने अपनी प्रतिभा साबित की है। अब लक्ष्य प्री-नेशनल मुकाबले में बेहतर प्रदर्शन करना है। इसके बाद नेशनल स्तर तक पहुंचकर गोल्ड मेडल हासिल करने की तैयारी है।

Share