देवास के खेत में निकला 12 फीट का अजगर: वजन 22 किलो; वन विभाग ने रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा

देवास/कन्नौद। ग्राम बूरूट में मंगलवार को एक खेत में अजगर मिला। अजगर को देखकर किसान और आसपास के ग्रामीणों में डर का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने खेत का निरीक्षण किया। यहां करीब 12 फीट लंबा अजगर मिला। उसका वजन करीब 22 किलो बताया गया है।

बिना नुकसान पहुंचाए किया रेस्क्यू
वन परिक्षेत्र अधिकारी सृजन जाधव के मार्गदर्शन में रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। टीम ने सुरक्षा के साथ अजगर को पकड़ने की कार्रवाई शुरू की। काफी मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया गया। रेस्क्यू के दौरान उसे किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचाया गया। इसके बाद अजगर को खीवनी अभयारण्य ले जाया गया। यहां उसे घने वन क्षेत्र में सुरक्षित छोड़ दिया गया।
रेस्क्यू अभियान में कन्नौद वन अमले के राधेश्याम नरगावे, कमल राणा, अनुराधा चौहान और सुरेंद्र धावरी की अहम भूमिका रही। टीम ने सावधानी के साथ पूरे अभियान को पूरा किया। अजगर को उसके प्राकृतिक वातावरण में वापस छोड़ दिया गया।

वन विभाग ने ग्रामीणों से की अपील
रेंजर सृजन जाधव ने ग्रामीणों और किसानों से अपील की है। उन्होंने कहा कि आबादी या खेत में कोई वन्यजीव दिखाई दे तो उसे नुकसान न पहुंचाएं।खुद वन्यजीव को पकड़ने की कोशिश भी न करें। इसकी सूचना तुरंत वन विभाग को दें। प्रशिक्षित टीम मौके पर पहुंचकर वन्यजीव का सुरक्षित रेस्क्यू करेगी।