|

अमेरिका में परिवार के 8 लोगों की हत्या: 4 बच्चे शामिल; संदिग्ध ने खुद को मारी गोली

अमेरिका। मोंटाना में रविवार शाम एक परिवार के डिनर के दौरान गोलीबारी हुई। बिलिंग्स शहर में आरोपी ने परिवार के 8 लोगों की हत्या कर दी। मृतकों में 4 बच्चे भी शामिल हैं।

वारदात के बाद आरोपी ने घर में आग लगा दी। फिर खुद को भी गोली मार ली। उसकी भी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी मृतकों को जानता था। हत्या की वजह अभी सामने नहीं आई है।

घर से लगातार आ रही थी गोलियों की आवाज
पुलिस को शाम करीब 6 बजे घर में गोलीबारी की सूचना मिली। करीब 6:10 बजे पुलिस और इमरजेंसी टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घर के बाहर एक घायल व्यक्ति को देखा। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस उसे ही घटना का संदिग्ध मान रही है।

पुलिस के पहुंचने पर भी घर के अंदर से गोलियों की आवाज आ रही थी। इसी दौरान घर में लगी आग तेजी से फैल रही थी। गोलीबारी और आग के खतरे के कारण दमकलकर्मी तुरंत घर के अंदर नहीं जा सके।

911 पर बच्चे के बेहोश होने की सूचना
घटना के दौरान 911 पर एक बच्चे के बेहोश होने की सूचना दी गई थी। यह साफ नहीं था कि बच्चे को गोली लगी थी या नहीं। पुलिस को यह भी पता नहीं था कि बच्चा सांस ले रहा था या नहीं। इसके बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर भेजी गईं।

आग से जांच में परेशानी
फायर चीफ मैट हॉपेल ने बताया कि आग तेजी से फैल गई थी। इससे घर का बड़ा हिस्सा जल गया। आग बुझाने के बाद पानी और मलबे के कारण सबूत जुटाने में परेशानी हो रही है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।

पड़ोसी ने पटाखों जैसी आवाज सुनी
पड़ोसी डेविड हिलर ने बताया कि शाम 6 बजे के बाद उन्हें पटाखों जैसी आवाज सुनाई दी। बाद में एक पड़ोसी ने फोन कर गोलीबारी की जानकारी दी। बाहर आने पर हिलर ने पुलिस को हथियारों के साथ देखा। घर से काला धुआं भी निकल रहा था।

हत्या की वजह अभी सामने नहीं आई
पुलिस के मुताबिक, आरोपी मृतकों को जानता था। हालांकि हत्या की वजह अभी सामने नहीं आई है। घर में आग कैसे लगी, इसकी भी जांच हो रही है। पुलिस ने कहा कि जांच पूरी होने तक कुछ जानकारी सार्वजनिक नहीं की जाएगी।

अगस्त में अमेरिका में गोलीबारी की कई घटनाएं
अमेरिका में अगस्त के दौरान गोलीबारी की कई घटनाएं सामने आई हैं।

22 अगस्त: ओरेगन के फॉरेस्ट ग्रोव में एक घर में 5 लोगों की हत्या हुई। संदिग्ध बाद में वॉशिंगटन में मृत मिला।
15 अगस्त: वर्जीनिया स्टेट यूनिवर्सिटी के पास गोलीबारी में 5 लोग घायल हुए। पुलिस ने 19 साल के संदिग्ध को गिरफ्तार किया।
14 अगस्त: मिशिगन के मिसॉकी काउंटी में गोलीबारी में 6 लोगों की मौत हुई। मृतकों में संदिग्ध शूटर भी शामिल था।

Share