|

झाबुआ के रानापुर में दो दुकानों में चोरी: शटर उचकाकर नकदी ले गए; CCTV में कैद हुई वारदात

झाबुआ। रानापुर के पुराने बस स्टैंड इलाके में मंगलवार अलसुबह चोरों ने दो दुकानों को निशाना बनाया। चोरों ने दुकानों के शटर उचकाकर अंदर प्रवेश किया और गल्ले में रखी नकदी चोरी कर फरार हो गए। वारदात के बाद व्यापारियों और स्थानीय लोगों में नाराजगी है। चोरी की घटना एक दुकान के बाहर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।

सुबह करीब 3.45 बजे वारदात
जानकारी के अनुसार, चोरी की घटना मंगलवार सुबह करीब 3.45 बजे हुई। चोरों ने पुराने बस स्टैंड पर अम्बेडकर प्रतिमा के पास स्थित किराना दुकान को पहले निशाना बनाया।

किराना व्यापारी नरेंद्र पगारिया (पारा वाला) की दुकान का शटर उचकाकर चोर अंदर घुसे। इसके बाद उन्होंने गल्ले की तलाशी ली और उसमें रखी नकदी लेकर फरार हो गए।

तीन दुकान छोड़कर इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान में घुसे
इसके कुछ ही देर बाद चोरों ने इसी लाइन में करीब तीन दुकान छोड़कर विश्वास पोरवाल की इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान को निशाना बनाया। चोरों ने यहां भी शटर उचकाया और दुकान के अंदर घुस गए।

चोर गल्ले में रखे 18 हजार रुपए लेकर फरार हो गए। सुबह करीब 10 बजे विश्वास पोरवाल दुकान पर पहुंचे तो शटर खुला मिला। अंदर सामान बिखरा हुआ था और गल्ला भी खुला था। इसके बाद चोरी की जानकारी सामने आई।

CCTV में कैद हुई वारदात
चोरी की वारदात एक दुकान के बाहर लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में चोर दुकान का शटर उचकाते और अंदर जाते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस को CCTV फुटेज उपलब्ध कराया गया है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुकानों का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे दूसरे CCTV कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि चोरों के आने-जाने के रास्ते और उनकी पहचान के बारे में जानकारी मिल सके।

पुराने बस स्टैंड जैसे व्यस्त इलाके में हुई चोरी से व्यापारियों में चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने रात में पुलिस गश्त बढ़ाने और जल्द आरोपियों को पकड़ने की मांग की है।

Share