लग्जरी बस से मां ने बच्चे को खिड़की से फेंका: कांच तोड़कर कूदे लोग; सूरत से कानपुर जा रही बस में लगी थी आग

धार। सूरत से कानपुर जा रही लग्जरी बस में आग लग गई। आग की लपटों से बचाने के लिए मां ने आठ साल के बच्चे को खिड़की से फेंक दिया। मेन गेट से बाहर निकलने में ज्यादा समय लगने के कारण इमरजेंसी गेट तोड़ा गया।
बस में धुआं उठता देख ड्राइवर भाग गया। घटना सोमवार रात लगभग एक बजे की है। आग इतनी भीषण थी की बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। हादसा धार के भोपावर चौकी के पास हुआ है। हादसे में 5 से 6 यात्रियों को मामूली चोट आई है।
दाहोद में कराया था बस का काम
कानपुर निवासी यात्री नीलम पाल ने बताया- मैं 8 साल के बेटे को लेकर गांव जा रही थी। धुआं भरते ही बेटे की जान बचाने के लिए मैं उसको बाहर फेंक दी। बाद में अपनी जान बचाने के लिए कूदी। हालांकि बैग में रखा सामान जल गया है। उसमें पैसे और ज्वेलरी थी। आग लगने से पहले बस दाहोद में एक होटल पर रुकी थी। यहां चार घंटे तक काम कराया गया था। इसके बाद रवाना किया गया था। इसके बाद भी ऐसी घटना हो गई।
दूसरी बस से सभी को भेजा
आग की सूचना पर सरदारपुर SDOP विश्वदीप सिंह परिहार मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। जिसके बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब-तक बस UP 83 BT 3947 पूरी तरह जल चुकी थी। इधर थाना प्रभारी अनिल जाधव ने रूट को डायवर्ट किया। इंदौर जाने वाली बसों को रुकवाया गया। यात्रियों को दूसरी बसों में बैठाकर भेजा।