|

झाबुआ में किसान आंदोलन का चौथा दिन: समाधान नहीं तो 18 जिलों के कार्यकर्ताओं संग घेराव की चेतावनी दी; मंत्रियों से हुई चर्चा

झाबुआ। किसान आंदोलन रविवार को चौथे दिन भी जारी रहा। भारतीय किसान संघ के प्रांतीय प्रतिनिधिमंडल ने मंत्रियों से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने विश्राम गृह में कैबिनेट मंत्री निर्मला भूरिया और नागर सिंह चौहान से चर्चा की।

मुआवजे की समस्या रखी
बैठक में बदनावर-टिमरवानी फोरलेन निर्माण से जुड़ी किसानों की समस्याएं रखी गईं। किसानों ने मुआवजे को लेकर अपनी परेशानी बताई। मंत्रियों ने मामले को भोपाल स्तर तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री से मुलाकात पर सहमति
इंदौर संभाग अध्यक्ष कृष्णपाल सिंह राठौर ने बताया कि मंत्रियों से चर्चा सकारात्मक रही। उन्होंने कहा कि मंत्रियों ने कुछ सुझावों के साथ मुद्दे को मुख्यमंत्री आवास तक पहुंचाने की बात कही है। किसान प्रतिनिधिमंडल की मुख्यमंत्री से मुलाकात कराने पर भी सहमति बनी है।

समाधान तक जारी रहेगा आंदोलन
कृष्णपाल सिंह राठौर ने कहा कि जब तक मामले में सकारात्मक निर्णय नहीं आता, आंदोलन जारी रहेगा। इंदौर में होने वाली प्रांतीय कार्यकारिणी की बैठक अब झाबुआ में ही होगी। इसके लिए सभी पदाधिकारी झाबुआ पहुंच चुके हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने संतोषजनक समाधान नहीं किया तो 18 जिलों से कार्यकर्ताओं को बुलाया जाएगा। इसके बाद झाबुआ का घेराव किया जाएगा।

ये पदाधिकारी रहे मौजूद
मंत्रियों से मिलने वाले प्रतिनिधिमंडल में प्रांतीय उपाध्यक्ष दयाराम धाकड़, प्रांतीय सह संगठन मंत्री अतुल माहेश्वरी, प्रांत मंत्री महेश ठाकुर और इंदौर संभाग अध्यक्ष कृष्णपाल सिंह राठौर शामिल रहे।

Share