ईरान की चेतावनी- अमेरिका सुधरे तभी खुलेगा होर्मुज: ट्रम्प ने फिर बताया अमेरिकी इलाका

तेहरान। ईरान ने कहा है कि होर्मुज स्ट्रेट तभी खोला जाएगा, जब अमेरिका अपना रवैया बदलेगा। ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के चीफ मोहसिन रेजाई ने अमेरिका पर बातचीत में धोखा देने का आरोप लगाया।
रेजाई ने कहा कि अमेरिका पहले अपने वादे पूरे करे। इसके बाद ही होर्मुज खोलने पर बात होगी। उन्होंने कहा कि ईरान अमेरिकी दबाव के आगे नहीं झुकेगा।
ट्रम्प ने फिर होर्मुज को बताया अमेरिकी इलाका
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने शनिवार रात सोशल मीडिया पर एक तस्वीर शेयर की। इसमें होर्मुज स्ट्रेट को ‘न्यू यूएस टेरिटरी’ यानी नया अमेरिकी इलाका बताया गया। ट्रम्प इससे पहले 18 अगस्त को भी होर्मुज को अमेरिकी क्षेत्र बता चुके हैं। ईरान ने इस दावे को खारिज कर दिया है।
हमले से बढ़ सकती है परमाणु हथियारों की होड़
रेजाई ने कहा कि ईरान पर अमेरिकी हमले से दुनिया में परमाणु हथियारों को लेकर चिंता बढ़ी है। दूसरे देशों को भी लग सकता है कि परमाणु हथियारों के बिना उनकी सुरक्षा मुश्किल है।
उन्होंने कहा कि ईरान परमाणु अप्रसार संधि (NPT) का सदस्य है। इसके बावजूद अमेरिका ने उस पर हमला किया। रेजाई के मुताबिक, इससे दुनिया में परमाणु हथियारों का खतरा बढ़ सकता है।
होर्मुज स्ट्रेट क्यों अहम है?
होर्मुज स्ट्रेट का उत्तरी हिस्सा ईरान के पास है। दक्षिणी हिस्सा ओमान के मुसंदम क्षेत्र से जुड़ा है। फारस की खाड़ी से निकलने वाले जहाज इसी रास्ते से अरब सागर और हिंद महासागर तक पहुंचते हैं।
खाड़ी देशों से भेजे जाने वाले करीब 20% कच्चे तेल की सप्लाई इसी रास्ते से होती है। भारत, चीन, जापान और दक्षिण कोरिया जैसे देशों की ऊर्जा सप्लाई भी इस समुद्री रास्ते पर काफी निर्भर है।
ईरानी राष्ट्रपति बोले- बातचीत से हल चाहते हैं
ईरानी राष्ट्रपति मसूद पजशकियान ने कहा कि ईरान युद्ध नहीं चाहता। वह बातचीत से समस्या का समाधान चाहता है।ईरान किसी दबाव में नहीं आएगा। बातचीत और समझदारी से समाधान निकाला जा सकता है। अमेरिका और इजराइल के साथ तनाव के बीच हुए समझौते में ईरान ने अपनी कोई शर्त नहीं छोड़ी है।