सेंधवा में एक महीने पहले हुई चोरी के आरोपी गिरफ्तार: जेल में हुई थी तीनों की दोस्ती; एक लाख के गहने जब्त

सेंधवा। ग्रामीण थाना क्षेत्र के ग्राम धनोरा में जुलाई माह में हुई चोरी का पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक लाख रुपए के गहने बरामद हुए है।
पुलिस के अनुसार गिरोह का मुख्य आरोपी हत्या के मामले में करीब 10 साल तक बड़वानी जेल में बंद रहा। जेल में उसकी धार जिले के बाग-टांडा क्षेत्र के अपराधियों से दोस्ती हुई थी।
जेल से बाहर आकर तीनों ने अपना गिरोह बनाया। आरोपी दिन में सूने मकानों और दुकानों की रेकी करते थे। इसके बाद रात में चोरी करते थे।
एक लाख के जेवर बरामद
पुलिस के मुताबिक धनौरा में फरियादी के घर का शटर तोड़कर रात में आभूषण चोरी किए गए थे। मामले में प्रकरण दर्ज होने के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर तंत्र और साइबर सेल की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की। चोरी का माल बेचने के लिए घूम रहे तीन आरोपियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया। उनके पास से एक लाख के चांदी के कड़े, चेन, हार, बिछिया, लॉकेट और अंगूठियां बरामद की गई है।
ऐसे देते थे वारदात को अंजाम
मुख्य आरोपी भीमा उर्फ भीमसिंह ढाई महीने पहले जेल से बाहर आया था। इसके बाद उसने गांव के अशोक और बलीराम के साथ मिलकर गिरोह बनाया। आरोपी दिन में सूने मकानों और दुकानों की रेकी करते थे। इसके बाद रात में बाहरी साथियों को बुलाकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने वारला और नागलवाड़ी क्षेत्र में भी चोरी की वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया है। पुलिस अब गिरोह के अन्य फरार साथियों की तलाश कर रही है।
ये आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने भीमा उर्फ भीमसिंह पिता रतन भीलाला (41), अशोक उर्फ मुकेश पिता कलसिंह भीलाला (26) और बलीराम पिता दुरसिंह भीलाला (29), तीनों निवासी वाक्या, थाना सेंधवा ग्रामीण को गिरफ्तार किया है।
इन्होंने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई में सेंधवा ग्रामीण थाना प्रभारी निरीक्षक ओपी सिंह चोंगड़े, उपनिरीक्षक रोहित पाटीदार, एएसआई केशव यादव, आजम खान, साइबर सेल के संजय पाटीदार, प्रधान आरक्षक योगेश पाटिल,बबलू तलवारे, पंकज राजोरे, आरक्षक निरीज शर्मा, पंकज पुरोहित, सुनील वास्कले, नारायण पाटीदार, लालसिंह नार्वे, मड़िया,नीरज डांगरे दौरा सहित पुलिस टीम की भूमिका रही।