|

पीथमपुर में तालाब का पानी लाल: केमिकल वाले पानी से मवेशी बीमार; कंपनी को भेजा नोटिस

पीथमपुर। “रात में कंपनी ने केमिकल वाला पानी छोड़ा, जिससे मेरी मछलियों को नुकसान हुआ। मैंने करीब 2 से 3 लाख रुपए की मछलियां डाली थीं, जिनमें से आधी ही बची हैं। कंपनी हर साल तालाब में ऐसा पानी छोड़ती है। पिछले 3-4 साल से मुझे नुकसान हो रहा है। मैंने थाने और नगर पालिका में शिकायत भी की, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं हुई। मेरा प्रशासन से अनुरोध है कि मुझे नुकसान का मुआवजा दिया जाए और कंपनी का पानी तालाब में आने से रोका जाए। तालाब का पानी लोग नहाने और पीने के लिए भी इस्तेमाल करते हैं।”

यह कहना है मत्स्य व्यापारी मोहनलाल गौड़ का।

दरअसल, बगदून तालाब का पानी लाल होने से पीथमपुर में चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पारस वेलवेज कंपनी से निकला केमिकल वाला पानी नाली के जरिए तालाब में पहुंच रहा है। दूषित पानी पीने से कुछ मवेशी बीमार हुए हैं। तालाब की मछलियों को भी नुकसान हुआ है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से जांच की मांग की है। लोगों ने तालाब की सफाई कराने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग भी की है।

कंपनी को नोटिस दिया
नगर पालिका के स्वास्थ्य निरीक्षक बीएस महते ने बताया कि तालाब का पानी लाल होने की शिकायत मिली थी। इसके बाद टीम ने मौके पर जाकर जांच की। जिस कंपनी की ओर पानी आने की बात सामने आई है, उसे नोटिस दिया गया है।तालाब के पानी में कौन सा केमिकल मिला है, इसकी पुष्टि जांच के बाद होगी।

Share