होर्मुज में 21 भारतीयों वाले जहाज पर ईरानी हमला: IRGC बोट्स ने की फायरिंग; नाविक सुरक्षित

होर्मुज स्ट्रेट। 22 अप्रैल 2026 को 21 भारतीय नाविकों वाला एक जहाज होर्मुज स्ट्रेट से गुजर रहा था। इसी दौरान ईरान के IRGC बोट्स ने जहाज पर फायरिंग की। FSUI ने इस घटना का वीडियो जारी किया है।
वीडियो में जहाज के आसपास तेज रफ्तार ईरानी बोट्स दिखाई दे रही हैं। फायरिंग के बाद जहाज के कंट्रोल रूम के शीशे टूटे नजर आ रहे हैं। अंदर सामान भी बिखरा हुआ दिख रहा है।
हमले के दौरान जहाज का क्रू अपनी सुरक्षा के लिए अंदर छिप गया था। जहाज पर 21 भारतीय नाविक मौजूद थे। सभी सुरक्षित रहे।
वीडियो में दिखा फायरिंग का असर
जारी फुटेज में जहाज के कंट्रोल रूम में टूटे शीशे और फर्श पर बिखरा सामान दिखाई दे रहा है। एक वीडियो में ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) से जुड़ी स्पीड बोट्स जहाज के पास से गुजरती नजर आती हैं।
फुटेज में एक IRGC जवान के हाथ में रॉकेट लॉन्चर जैसी हथियार भी दिखाई दे रही है। जहाज के क्रू के कुछ सदस्य हमले से बचने के लिए अंदर छिपे हुए नजर आते हैं।

भारतीय नाविकों की नई तैनाती पर रोक
खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते खतरे को देखते हुए भारत सरकार ने 16 जुलाई को होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों पर भारतीय नाविकों की नई तैनाती रोक दी थी। यह आदेश अगले निर्देश तक लागू है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, 28 फरवरी के बाद इस क्षेत्र में हुए अलग-अलग हमलों में कम से कम 14 भारतीय नाविकों की मौत हो चुकी है। भारत ने शिपिंग कंपनियों और नाविकों की भर्ती करने वाली एजेंसियों को भी सुरक्षा को लेकर सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं।
सोमालिया के पास 6 भारतीयों वाला जहाज हाईजैक
सोमालिया के पंटलैंड तट के पास एक कार्गो जहाज को समुद्री लुटेरों ने कब्जे में ले लिया। जहाज पर कुल 10 लोग सवार थे। इनमें 6 भारतीय नागरिक हैं।
कैमरून के झंडे वाले इस जहाज को 17 अगस्त को समुद्री लुटेरों ने अपने कब्जे में लिया था। अधिकारियों के मुताबिक, 8 हथियारबंद लोगों ने जहाज पर कब्जा किया।
बाद में दो तुर्की जहाज मौके पर पहुंचे। इलाके में हेलिकॉप्टर और ड्रोन से निगरानी भी की गई। इसके बाद हुए एक हवाई हमले में 4 लोगों के मारे जाने और 2 के घायल होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि मारे गए लोग हाईजैक करने वाले थे या नहीं। जहाज और क्रू की मौजूदा स्थिति की भी पूरी जानकारी सामने नहीं आई है।
पाकिस्तानी नाविकों के शव कराची पहुंचे
बाब-अल-मंदेब स्ट्रेट में हुए हूती हमले में मारे गए दो पाकिस्तानी नाविकों के शव गुरुवार को कराची पहुंचे। हमले में घायल 6 पाकिस्तानी नाविक भी सुरक्षित पाकिस्तान लौट आए हैं।
11 अगस्त को तंजानिया के झंडे वाले ‘तिहामा’ जहाज पर हमला हुआ था। इसमें 3 पाकिस्तानी और 1 इंडोनेशियाई नाविक की मौत हुई थी।
पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार ने हमले की निंदा की है। उन्होंने कहा कि समुद्र में काम करने वाले नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए।