बच्चों को सिखाए ट्रैफिक के हैबिट्स: पुलिस ने समझाया- जेब्रा क्रॉसिंग से सड़क पार करें; हेलमेट-सीट बेल्ट लगाएं

इंदौर। ‘स्व-रक्षा बंधन’ सुरक्षा जागरूकता पहल के तहत यातायात पुलिस ने लिटिल मिलेनियम स्कूल की एमआईजी और महालक्ष्मी नगर शाखाओं में बच्चों को सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी दी। यातायात जोन-2 थाना प्रभारी राधा यादव और उनकी टीम ने बच्चों को सुरक्षित तरीके से सड़क पार करने के साथ यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया।
जेब्रा क्रॉसिंग और सिग्नल की दी जानकारी
कार्यक्रम में बच्चों को जेब्रा क्रॉसिंग, हेलमेट, सीट बेल्ट, ट्रैफिक सिग्नल और यातायात संकेतों के बारे में बताया गया। पुलिस टीम ने सड़क पार करते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए, इसके बारे में भी बच्चों को समझाया।

गुड हैबिट्स अपनाने और बैड हैबिट्स से बचने की सीख
बच्चों को सड़क सुरक्षा से जुड़ी गुड हैबिट्स और बैड हैबिट्स उदाहरणों के जरिए समझाई गईं। उन्हें बताया गया कि सड़क पर मोबाइल का इस्तेमाल करना, बिना देखे सड़क पार करना या ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करना खतरनाक हो सकता है।

परिवार को भी करेंगे जागरूक
बच्चों से कहा गया कि वे खुद यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिवार के सदस्यों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें। पुलिस ने बच्चों को घर में अभिभावकों को हेलमेट, सीट बेल्ट और ट्रैफिक नियमों के पालन के लिए प्रेरित करने की बात कही।

2000 विद्यार्थी और 5000 अभिभावक होंगे लाभान्वित
‘स्व-रक्षा बंधन’ पहल के तहत स्कूल की 15 शाखाओं के करीब 2000 विद्यार्थी और 5000 अभिभावक लाभान्वित होंगे। यातायात पुलिस के अनुसार बच्चों को छोटी उम्र से सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी देने से उनमें जिम्मेदारी की भावना विकसित होगी और सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में भी मदद मिलेगी।