| | |

उज्जैन में सिगरेट चुराने वाले राजस्थान से गिरफ्तार: दो XUV कार जब्त; महाराष्ट्र भी गई थी पुलिस 

उज्जैन। माधवनगर थाना पुलिस ने सिगरेट गोदाम में हुई लाखों रुपए की चोरी का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने रात में गोदाम का ताला तोड़कर 25 से ज्यादा पेटी सिगरेट चोरी की थी। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी की सिगरेट, नकदी और वारदात में इस्तेमाल कार सहित 31.35 लाख रुपए का माल बरामद किया है। आरोपियों की तलाश में पुलिस मध्यप्रदेश के साथ राजस्थान और महाराष्ट्र तक पहुंची।

रात में गोदाम का ताला तोड़कर की थी चोरी
मामला दशहरा मैदान क्षेत्र में नेहरू पार्क के पास स्थित माहेश्वरी मार्केटिंग के सिगरेट गोदाम का है। यहां ITC कंपनी की सिगरेट रखी जाती थी। 6 और 7 जून की रात बदमाश गोदाम का ताला तोड़कर अंदर घुसे थे। उन्होंने अलग-अलग ब्रांड की 25 से 26 पेटी सिगरेट चोरी की और फरार हो गए। शिकायत मिलने के बाद माधवनगर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।

CCTV से मिला पहला सुराग
पुलिस ने गोदाम और आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली। इसमें संदिग्ध वाहनों और आरोपियों की गतिविधियों के बारे में सुराग मिले।जांच में पता चला कि वारदात में इस्तेमाल की गई एक XUV-500 कार नागझिरी थाना क्षेत्र से चोरी हुई थी। दूसरी XUV-300 कार मंदसौर के दलौदा थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी।

MP से राजस्थान तक पहुंची पुलिस
CCTV और दूसरे सुरागों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। टीम ने मध्यप्रदेश के कई इलाकों के साथ राजस्थान के भीलवाड़ा और चित्तौड़गढ़ में भी आरोपियों की तलाश की। लगातार जांच के बाद 12 अगस्त को पुलिस को आरोपियों के बारे में अहम जानकारी मिली। इसके आधार पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजस्थान के पाली निवासी 32 वर्षीय रामपाल उर्फ रामा चौधरी और मुंबई निवासी 51 वर्षीय रेहान उर्फ राजा ठाकुर उर्फ राजू मराठे उर्फ संतोष भैया उर्फ मुकेश चौधरी के रूप में हुई है।

15 लाख की सिगरेट और नकदी बरामद

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 1.35 लाख रुपए नकद, आईटीसी कंपनी की करीब 15 लाख रुपए कीमत की सिगरेट और करीब 15 लाख रुपए कीमत की किया सोनेट कार बरामद की है। बरामद सिगरेट में क्लासिक, गोल्ड फ्लेक, स्टार प्रो समेत अन्य ब्रांड शामिल हैं।

चोरी की सिगरेट कहां बेची, इसकी जांच

पूछताछ में पुलिस को पता चला कि आरोपी रात में गोदाम का ताला तोड़कर सिगरेट के कार्टून चोरी करते थे। इसके बाद चोरी का माल अलग-अलग जगहों पर बेच देते थे।

अब पुलिस यह पता लगा रही है कि आरोपियों ने चोरी की सिगरेट किन लोगों को बेची थी। साथ ही वारदात में इनके साथ और कौन लोग शामिल थे, इसकी भी जांच की जा रही है।

Share