नागलवाड़ी में खेतों से चोरी हुई केबल: 12 खेतों के मोटर पंप बंद; फसलों में पानी नहीं पहुंचने से किसान परेशान

सेंधवा। नागपंचमी मेले की भीड़ का फायदा उठाकर बदमाशों ने नागलवाड़ी और आसपास के खेतों में चोरी कर ली। 16 अगस्त की रात से तीन दिनों के अंदर 12 किसानों के खेतों से लाइट की केबल काटकर चोरी कर ली गई।
केबल चोरी होने से खेतों में लगे मोटर पंप बंद हो गए हैं और फसलों की सिंचाई प्रभावित हो रही है। कई किसान खेतों में पानी नहीं पहुंचा पा रहा है, जिससे उनकी फसल खराब हो रही है और उनको परेशानी सामना करना पड़ रहा है।
रात में खेतों में पहुंचे बदमाश
किसानों के अनुसार नागपंचमी मेले की व्यवस्था में पुलिस बल तैनात था। बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मेले और बाबा की सेवा में व्यस्त थे। इसी दौरान कुछ बदमाश रात में खेतों तक पहुंचे और मोटर पंप तक बिछाई गई लाइट की केबल काटकर ले गए।
केबल चोरी से बढ़ी किसानों की परेशानी
किसानों ने बताया कि फसलों के लिए अभी सिंचाई बेहद जरूरी है। केबल नहीं होने से मोटर पंप चालू नहीं हो पा रहे हैं। कई किसानों को डर है कि समय पर पानी नहीं मिलने से फसलों को नुकसान पहुंच सकता है। साथ ही किसानों को दोबारा केबल खरीदने के लिए ज्यादा खर्च भी करना पड़ेगा। इससे किसानों को कई समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
अन्य खेतों से भी केबल चोरी की जानकारी
किसानों ने बताया कि 12 खेतों के अलावा कुछ और खेतों से भी केबल काटे जाने की जानकारी सामने आई है। किसानों ने एक साथ से थाने में लिखित शिकायत दी है। उन्होंने पुलिस से बदमाशों का जल्द पता लगाकर गिरफ्तारी करने और चोरी गई केबल बरामद कराने की मांग की है।
किसानों की मांग
किसानों का कहना है कि केबल बरामद होने या नई केबल की व्यवस्था होने तक खेतों में सिंचाई शुरू नहीं हो पाएगी। उन्होंने पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की है, ताकि फसलों को समय पर पानी मिल सके।