सतना में मानसून फिर सक्रिय हुआ: रातभर हुई तेज बारिश से शहर जलमग्न; नर्सरी से 5वीं तक स्कूलों में छुट्टी

सतना। जिले में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मंगलवार देर शाम से शुरू हुई तेज बारिश का दौर पूरी रात जारी रहा। मूसलाधार बारिश से शहर की सड़कें जलमग्न हो गईं। कई मोहल्लों में नालियों का पानी सड़कों पर आ गया, जबकि निचले इलाकों में घरों के अंदर तक पानी पहुंच गया। दादा सुखेन्द्र सिंह स्टेडियम भी बारिश के पानी से तालाब में बदल गया।
भारी बारिश के अलर्ट के बीच छोटे बच्चों की छुट्टी
भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने नर्सरी से कक्षा 5वीं तक के बच्चों के लिए एक दिन का अवकाश घोषित किया है। प्रशासन ने बारिश के दौरान बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए यह फैसला लिया है।

झारखंड के सिस्टम से विंध्य में फिर बढ़ा बारिश का खतरा
मौसम विभाग के अनुसार झारखंड के पास बना कम दबाव का क्षेत्र और सक्रिय मानसूनी सिस्टम रीवा संभाग में बारिश का खतरा बढ़ा रहा है। सतना समेत रीवा संभाग में गुरुवार को भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है।
मौसम केंद्र के मुताबिक झारखंड के ऊपर बना अवदाब पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। अगले 24 घंटे में इसके कमजोर होकर कम दबाव के क्षेत्र में बदलने की संभावना है। इसका असर विंध्य क्षेत्र में साफ दिखाई दे रहा है।
सतना का अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री
मंगलवार को सतना का अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने सतना में अति भारी बारिश, जबकि सीधी में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
विशेषज्ञों के अनुसार मानसून ट्रफ और कम दबाव के प्रभाव से अगले 24 घंटे बारिश का दौर जारी रह सकता है।
नदी-नालों के आसपास सावधानी की अपील
लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन ने नदी-नालों के आसपास और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। लोगों से जलभराव वाले क्षेत्रों और तेज बहाव वाले नदी-नालों के पास नहीं जाने की सलाह दी गई है।
