एमराल्ड हाइट्स की शतरंज में जीत से शुरुआत: दिशिता और तहूर ने जीत दर्ज की, जोधपुर स्कूल को 2-1 से हराया

इंदौर। एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल ने राजमाता कृष्णा कुमारी गर्ल्स पब्लिक स्कूल, जोधपुर को 2-1 से हराकर एमराल्ड हाइट्स में आयोजित ऑल इंडिया आईपीएससी शतरंज टूर्नामेंट के अंडर-19 बालिका टीम वर्ग में विजयी शुरुआत की। एमराल्ड हाइट्स की ओर से दिशिता तलरेजा और तहूर बेलीम ने जीत दर्ज की, जबकि सोनी लाविशा का मुकाबला ड्रॉ रहा। राजमाता स्कूल की खुशबू कंवर ने अपनी टीम के लिए एकमात्र अंक हासिल किया।
शतरंज के साथ एमराल्ड हाइट्स परिसर में ऑल इंडिया वॉलीबॉल टूर्नामेंट के मुकाबले भी खेले गए। वॉलीबॉल में भी मेजबान टीम ने जीत के साथ शुरुआत की।
शतरंज में पहले दौर के नतीजे
अंडर-19 बालिका टीम वर्ग के पहले दौर में दिल्ली पब्लिक स्कूल आरके पुरम ने मॉडर्न स्कूल बाराखंबा रोड को 4-0 से तथा दिल्ली पब्लिक स्कूल मथुरा रोड ने राजकुमार कॉलेज, रायपुर को 4-0 से हराया।
अंडर-14 बालिका टीम वर्ग में मॉडर्न स्कूल बाराखंबा रोड ने राजकुमार कॉलेज, रायपुर को 4-0 से, राजमाता कृष्णा कुमारी गर्ल्स पब्लिक स्कूल ने एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल, इंदौर को 3-1 से तथा द हैदराबाद पब्लिक स्कूल बेगमपेट ने दिल्ली पब्लिक स्कूल मथुरा रोड को 2-1 से हराया।
अंडर-17 बालिका टीम वर्ग में मॉडर्न स्कूल बाराखंबा रोड ने राजमाता कृष्णा कुमारी गर्ल्स पब्लिक स्कूल को 2-1 से, द हैदराबाद पब्लिक स्कूल ने दिल्ली पब्लिक स्कूल मथुरा रोड को 2-1 से तथा दिल्ली पब्लिक स्कूल आरके पुरम ने ताशी नामग्याल एकेडमी को 2-1 से पराजित किया।
शतरंज प्रतियोगिता का शुभारंभ सुचित मंडलोई और मेजबान स्कूल के खेल अधिकारी अकरम खान के आतिथ्य में हुआ।
वॉलीबॉल में भी मेजबान की जीत
एमराल्ड हाइट्स में आयोजित ऑल इंडिया वॉलीबॉल टूर्नामेंट में भी मेजबान स्कूल ने जीत से शुरुआत की। बालिका अंडर-14 वर्ग के प्रारंभिक मुकाबले में एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल, इंदौर ने असम वैली स्कूल को 2-0 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई।
एमराल्ड हाइट्स की ओर से ख्याति चतुर्वेदी, मत्रीका जैन, तिस्ठा पटेल, श्रीजा ओझा और जन्नत खुशलानी ने शानदार प्रदर्शन किया।
एक अन्य मुकाबले में मोतीलाल नेहरू स्कूल ऑफ स्पोर्ट्स, राय, हरियाणा ने विद्या देवी जिंदल स्कूल, हिसार को 2-0 से हराया।
बालिका अंडर-19 वर्ग में मोतीलाल नेहरू स्कूल ऑफ स्पोर्ट्स, राय ने मान स्कूल, दिल्ली को 2-0 से, विद्या देवी जिंदल स्कूल, हिसार ने असम वैली स्कूल, असम को 2-0 से तथा महारानी गायत्री देवी गर्ल्स स्कूल, जयपुर ने मान स्कूल, दिल्ली को 2-1 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।
वॉलीबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल के प्रेसिडेंट मुक्तेश सिंह, विद्यार्थी ऑब्जर्वर वॉलीबॉल एवं नेशनल रेफरी रमेश बाबू और खेल अधिकारी अकरम खान के आतिथ्य में हुआ।