रीवा में घर से बिक रही थी अवैध शराब: पुलिस ने मारा छापा; 42 लीटर देशी-अंग्रेजी शराब जब्त

रीवा। सेमरिया विधानसभा क्षेत्र के दाढ़ी गांव में अवैध शराब बिक्री की सूचना पर चोरहटा पुलिस ने मंगलवार को कार्रवाई की। मुखबिर से सूचना मिलने के बाद नौबस्ता चौकी की 112 टीम और चोरहटा थाना पुलिस ने गांव में दबिश दी। पुलिस ने मृगेंद्र सिंह के घर से करीब 42 लीटर देशी और अंग्रेजी शराब जब्त की है।
मकान में रखी मिली अलग-अलग प्रकार की शराब सूचना मिली थी कि दाढ़ी गांव में एक मकान से लंबे समय से अवैध तरीके से शराब बेची जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाशी ली। इस दौरान मकान से अलग-अलग प्रकार की देशी और अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब को जब्त कर मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मकान मालिक बोला- महाकाल ग्रुप को किराए पर दिया था घर
कार्रवाई के बाद मकान मालिक मृगेंद्र सिंह ने पुलिस के सामने अपना पक्ष रखा। उनका कहना है कि जिस मकान से शराब जब्त हुई है, वह उनका है, लेकिन उन्होंने इसे शराब ठेकेदार महाकाल ग्रुप को किराए पर दे रखा है।
मृगेंद्र सिंह के मुताबिक, मकान किराए पर लेने के बाद वहां से शराब की बिक्री कराई जा रही थी। उन्होंने दावा किया कि मकान का इस्तेमाल किस तरह किया जा रहा था, इसकी उन्हें जानकारी नहीं थी। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की जांच कर वास्तविक जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

शराब कहां से आई, पुलिस कर रही जांच
करीब 42 लीटर शराब जब्त होने के बाद गांव में अवैध शराब कारोबार को लेकर चर्चा तेज हो गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसकी बिक्री में कौन-कौन लोग शामिल थे।
इसके अलावा पुलिस महाकाल ग्रुप से मकान किराए पर लेने और वहां शराब बिक्री के संबंध की भी जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप
पुलिस ने जब्त शराब को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।