|

नाग पंचमी पर रीवा में दो नदी हादसे: 12 साल का शिवा और 18 साल का साहिल बहा; तलाश जारी

रीवा। नाग पंचमी की शाम रीवा जिले में नदी में डूबने की दो घटनाएं सामने आईं। गुढ़ थाना क्षेत्र के इटार में 12 वर्षीय शिवा रावत बिछिया नदी में बह गया। वहीं चाकघाट थाना क्षेत्र में बेलन नदी में नहाने पहुंचे दो युवक बह गए। इनमें से एक युवक को स्थानीय लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि दूसरा लापता है।

बिछिया नदी में पुल से फिसला 12 वर्षीय किशोर
गुढ़ थाना क्षेत्र के इटार में मऊगंज जिले के गनिगवां देवतालाब निवासी 12 वर्षीय शिवा रावत अपने पिता प्रधान रावत के साथ बिछिया नदी के पास पहुंचा था। बताया गया कि नाग पंचमी के अवसर पर गांव की कुछ लड़कियां नदी में पूजा के बाद विसर्जन के लिए गई थीं।

इसी दौरान पुल से गुजरते समय शिवा का पैर फिसल गया और वह नदी में गिरकर बह गया। हादसे के बाद ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। सूचना मिलने पर गुढ़ पुलिस भी मौके पर पहुंची और खोजबीन शुरू कराई।

बेलन नदी में नहाते समय दो युवक बहे
दूसरी घटना चाकघाट थाना क्षेत्र की बेलन नदी में हुई। मऊगंज से पिकनिक मनाने पहुंचे दो युवक नदी में नहाने के दौरान बह गए। आसपास मौजूद लोगों ने एक युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि साहिल अंसारी पिता कमाल्लूदीन (18), निवासी खर्रा टोला, मऊगंज लापता हो गया।

SDRF ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन
SDRF प्रभारी विकास पांडेय के मुताबिक साहिल अंसारी की तलाश के लिए टीम को बेलन नदी में उतारा गया है। नदी में लगातार सर्चिंग की जा रही है। वहीं बिछिया नदी में भी शिवा रावत की तलाश के प्रयास जारी हैं। पुलिस और बचाव दल दोनों घटनाओं में लापता लोगों की तलाश में जुटे हैं।

Share