|

अंधविश्वास की बलि चढ़ी महिला: ‘डायन’ समझकर हत्या, तालाब में फेंका शव; 24 घंटे में चार आरोपी गिरफ्तार

अलीराजपुर। चंद्रशेखर आजाद नगर थाना क्षेत्र में अंधविश्वास के चलते एक महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि महिला को ‘डायन’ समझकर उसकी हत्या कर दी गई और शव तालाब में फेंक दिया गया। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

15 अगस्त को औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक तालाब में सेजावाड़ा चौकी क्षेत्र के फलिया निवासी कालीबेन का शव पानी में तैरता मिला था। सूचना मिलते ही एसडीओपी आशुतोष पटेल, थाना प्रभारी शिवराम तरोले और चौकी प्रभारी जयवीर भदौरिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर अपराध क्रमांक 354/2026 के तहत धारा 103(1), 3(5) बीएनएस में केस दर्ज कर जांच शुरू की।

पूछताछ में सामने आया हत्या का कारण
पुलिस की जांच और मुखबिर तंत्र की मदद से सेजावाड़ा चौकी क्षेत्र के चार संदिग्धों तक टीम पहुंची। पुलिस के अनुसार आरोपियों की पहचान नरिया उर्फ नरू पिता रामू मावी भील (27), अजय पिता नानिया हटेला भील (37), राजेश पिता मंगा हटेला भील (21) और मुकेश पिता सारेश मावी भील (35) के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने महिला को ‘डायन’ मानकर उसकी हत्या करने की बात स्वीकार की। इसके बाद शव को तालाब में फेंक दिया गया।

24 घंटे में चारों आरोपी गिरफ्तार
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। टीम ने घटनास्थल से मिले सुराग और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई। पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

अंधविश्वास के नाम पर हुई इस हत्या ने ग्रामीण क्षेत्रों में फैली कुरीतियों और अंधविश्वास को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Share