इंदौर में पति ने पत्नी की हत्या कर बच्चों को तालाब में फेंका: बेटी की मौत; बेटा बचकर निकला

इंदौर। कनाड़िया थाना क्षेत्र के हिंगोनिया गांव में सोमवार रात वारदात सामने आई। आरोप है कि सुनील चौहान ने चरित्र शंका के चलते पहले पत्नी अनीता की चाकू से हत्या की, फिर बेटे और बेटी को तालाब में जिंदा फेंक दिया। बेटा किसी तरह तालाब से निकलकर ग्रामीणों तक पहुंचा और घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने रातभर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया, जिसमें मंगलवार सुबह बच्ची का शव बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है।
पहले पत्नी की हत्या की, फिर बच्चों को तालाब में फेंका
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी सुनील चौहान अपनी पत्नी के चरित्र को लेकर शंका करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के दौरान सुनील ने पत्नी अनीता पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद वह दोनों बच्चों को लेकर हिंगोनिया तालाब पहुंचा और उन्हें पानी में फेंक दिया।

बेटे ने बचाई जान
तालाब में फेंके जाने के बाद बेटा किसी तरह पानी से बाहर निकल आया। उसने ग्रामीणों तक पहुंचकर पिता द्वारा मां और बहन के साथ की गई घटना की जानकारी दी। बच्चे की सूचना पर ग्रामीणों ने पुलिस को बुलाया। इसके बाद पुलिस ने तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

रातभर चला रेस्क्यू, सुबह मिला बच्ची का शव
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने रातभर तालाब में बच्ची की तलाश की। कई घंटे की मशक्कत के बाद मंगलवार सुबह बच्ची का शव बरामद कर लिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की है।
आरोपी ने खुद भी जान देने की कोशिश की
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने वारदात के बाद खुद भी आत्महत्या करने की कोशिश की थी। हालांकि पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। अब आरोपी से पूछताछ कर हत्या और बच्चों को तालाब में फेंकने की पूरी वजह और घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है।