|

भोपाल की हर्षिता और अर्नव ने फर्राटा दौड़ में मारी बाजी: 100 मीटर में रहे अव्वल; प्रदेशभर के खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा

इंदौर। भोपाल की हर्षिता यादव और अर्नव श्रीवास्तव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 25वीं मध्य प्रदेश राज्य स्तरीय यूथ एथलेटिक्स मीट 2026 में 100 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इंदौर कॉर्पोरेशन एरिया एथलेटिक एसोसिएशन और एमराल्ड हाइट्स के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता में प्रदेशभर के बालक-बालिकाओं ने भाग लिया। प्रतियोगिता एमराल्ड हाइट्स में आयोजित की गई।

100 मीटर में हर्षिता और अर्नव अव्वल
महिला वर्ग 100 मीटर में भोपाल की हर्षिता यादव प्रथम, उज्जैन की मनस्वी तिवारी द्वितीय तथा इंदौर कॉर्पोरेशन की ग्रेस मार्टिन तीसरे स्थान पर रहीं। पुरुष 100 मीटर में भोपाल के अर्नव श्रीवास्तव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। रिषभ मालवीय (भोपाल) द्वितीय तथा अंकित ओझा (इंदौर) तृतीय स्थान पर रहे।

अलग-अलग स्पर्धाओं में इन खिलाड़ियों ने जीते पदक
पुरुष 200 मीटर में इंदौर के मंथन काग अव्वल रहे, जबकि जबलपुर कॉर्पोरेशन के मो. जुनैद दूसरे स्थान पर रहे। 400 मीटर में उज्जैन के मयंक अंजना ने बाजी मारी। भोपाल के रंगलाल डोडीयार ने 1000 मीटर में प्रथम स्थान प्राप्त किया। 110 मीटर हर्डल्स में भोपाल के अर्नव श्रीवास्तव प्रथम रहे।

500 मीटर में मुरैना के दीपू तोमर प्रथम स्थान पर रहे, जबकि लॉन्ग जंप में भोपाल के शिवम जादव ने पहला स्थान प्राप्त किया। हाई जंप में भोपाल के गौरव मालवीय, शॉटपुट में सिंगरौली के शिवेंद्र सिंह, डिस्कस थ्रो में देवास के तनिष्क चौहान और जेवलिन थ्रो में भोपाल के कृष्ण चंद्रा ने पहला स्थान प्राप्त किया।

शॉटपुट में इंदौर की दिशा रहीं अव्वल
महिला 110 मीटर दौड़ में भोपाल की हर्षिता यादव, 200 मीटर में उज्जैन की मनस्वी यादव, 400 मीटर में नरसिंहपुर की प्रांजल शर्मा और 1000 मीटर में भोपाल की अंशु प्रथम स्थान पर रहीं। शॉटपुट में इंदौर की दिशा तिवारी प्रथम और एमराल्ड की छावि कुमारी दूसरे स्थान पर रहीं। बालक 110 मीटर हर्डल्स में भोपाल के नागर सिंह प्रथम स्थान पर रहे।

विजेता खिलाड़ियों को किया पुरस्कृत
मुख्य अतिथि मध्य प्रदेश एथलेटिक्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अमानत खान एवं सचिव अर्जुनन मुरलीधर ने एथलेटिक मीट में विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। प्रतियोगिता में क्वालिफाई करने वाले खिलाड़ी गुरु नानक स्टेडियम, लुधियाना में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्पर्धा में मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।

निर्णायक के रूप में एनआईएस कोच विनोद कुमावत, विशाल वर्मा, अमित गौतम, सुनील शुक्ला और अजीत मौजूद रहे।

Share