विंडहोक में पीएम मोदी और नामीबियाई राष्ट्रपति के बीच महत्वपूर्ण बैठक, द्विपक्षीय सहयोग और वैश्विक मुद्दों पर हुई चर्चा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पांच देशों की विदेश यात्रा के अंतिम चरण में बुधवार को नामीबिया की राजधानी विंडहोक स्थित स्टेट हाउस में नामीबिया की राष्ट्रपति डॉ. नटुम्बो नंदी नदैतवा से प्रतिनिधिमंडल स्तर की द्विपक्षीय वार्ता हुई। बैठक में भारत और नामीबिया के आपसी संबंधों को मजबूत बनाने के साथ-साथ साझा वैश्विक मुद्दों, विशेषकर आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई पर गंभीर चर्चा हुई। पीएम मोदी ने पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत को समर्थन देने पर नामीबिया का आभार जताया।
दोनों देशों ने ग्लोबल साउथ की आवाज को बुलंद करने के लिए मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता जताई। साथ ही प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति नदैतवा को भारत आने का निमंत्रण भी दिया।
दो अहम समझौतों पर हस्ताक्षर, तीन बड़ी घोषणाएं
बैठक के बाद भारत और नामीबिया के बीच स्वास्थ्य और उद्यमिता क्षेत्र में दो समझौता ज्ञापनों (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। वहीं तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं भी हुईं—नामिबिया ने भारत के आपदा रोधी अवसंरचना गठबंधन (CDRI) और ग्लोबल बायोफ्यूल एलायंस से जुड़ने की घोषणा की। इसके अलावा, नामीबिया भारत की यूपीआई तकनीक को अपनाने वाला पहला देश बन गया है, जिसके लिए दोनों देशों के बीच लाइसेंसिंग समझौता हुआ।
चीता प्रोजेक्ट में सहयोग के लिए भारत ने जताया धन्यवाद
प्रधानमंत्री मोदी ने भारत के ‘प्रोजेक्ट चीता’ में नामीबिया के सहयोग की सराहना की और राष्ट्रपति को ‘इंटरनेशनल बिग कैट एलायंस’ में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया। इस दौरान रक्षा, समुद्री सुरक्षा, डिजिटल टेक्नोलॉजी, कृषि, फार्मा, ऊर्जा और खनिज जैसे कई क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाने पर भी दोनों देशों ने सहमति जताई।






