|

आलीराजपुर में अवैध खनन से परेशान हो रहे ग्रामीण: ब्लास्टिंग से मकानों में दरार और फसलों को धूल से नुकसान; कलेक्टर से की शिकायत

आलीराजपुर। बयड़िया में शासकीय भूमि पर अवैध मिट्टी खनन मामले में मंगलवार को जनसुनवाई में पहुंचे ग्रामीणों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर सर्वे नंबर 46/1 पर चल रहे मिट्टी खनन को बंद कराने और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग की है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पंचायत की सहमति की अवधि खत्म होने के बाद भी खनन लगातार जारी है।

2018 में सीमित अवधि के लिए दी गई थी अनुमति
ग्रामीणों ने ज्ञापन के साथ ग्राम पंचायत बैठक की कार्यवाही की प्रति भी सौंपी। इसमें बताया गया कि वर्ष 2018 में ग्राम पंचायत की सहमति से सीमित समय के लिए मिट्टी खनन की अनुमति दी गई थी। ग्रामीणों के अनुसार, तय अवधि समाप्त होने के बाद भी खनन जारी है। पंचायत ने भी प्रशासन से अवैध खनन पर नियमानुसार कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।

ब्लास्टिंग और धूल से परेशानी के आरोप
ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रहे खनन और ब्लास्टिंग से आसपास के मकानों में दरारें आ रही हैं। इसके अलावा क्षेत्र में धूल-प्रदूषण बढ़ने, फसलों के प्रभावित होने और जलस्तर नीचे जाने की समस्या भी सामने आ रही है। ग्रामीणों ने स्कूल के पास खनन होने से बच्चों की सुरक्षा और पढ़ाई प्रभावित होने की बात भी कही।

पहले भी की शिकायत, कार्रवाई नहीं होने के आरोप
ग्रामीणों ने बताया कि मामले को लेकर पहले भी तहसीलदार, कलेक्टर और खनिज विभाग को कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ एफआईआर और अवैध खनन व मिट्टी परिवहन पर रोक लगाने की मांग की है।

कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो पंचायत के माध्यम से आंदोलन और धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। ग्रामीणों ने कहा कि इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

Share