इंदौर में 2 करोड़ की प्रॉपर्टी की डील में 60 लाख रुपए की धोखाधड़ी: 2 प्रतिशत ब्याज के साथ लौटाने का किया था वादा; आरोपी पर FIR दर्ज

इंदौर। विजयनगर थाना क्षेत्र में 2 करोड़ रुपए के प्लॉट सौदे में 60 लाख रुपए की धोखाधड़ी हुई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने पंकज पोरवाल के खिलाफ धोखाधड़ी की FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
व्यापारी सुनील चौकसे ने प्रॉपर्टी के लिए 60 लाख रुपए दिए थे। इनमें 50 लाख रुपए चेक के माध्यम से और 10 लाख रुपए नकद दिए थे। जिस व्यक्ति के साथ प्लॉट का सौदा हुआ था। उनकी मौत के बाद बेटे पंकज पोरवाल ने पैसे वापस करने का आश्वासन दिया था।
समय बीतने के बाद भी नहीं दिए पैसे
पंकज ने रकम 2 प्रतिशत ब्याज के साथ लौटाने का वादा किया था, लेकिन समय बीत जाने के बाद भी पैसे वापस नहीं दिए। इसके बाद व्यापारी सुनील चौकसे ने मामले की शिकायत डीसीपी जोन-2 से की। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है।
दस्तावेज और भुगतान की जानकारी की जांच जारी
पुलिस अब प्लॉट सौदे से जुड़े दस्तावेज, भुगतान की जानकारी, चेक और बाकी सबूतों की जांच कर रही है। मामले में पुलिस की जांच के बाद ही घटनाक्रम और जिम्मेदारी से जुड़े अन्य तथ्य स्पष्ट हो सकेंगे।