रीवा में नर्सिंग छात्रों का प्रदर्शन: शिक्षक बोले- 4 साल की पढ़ाई 8 साल में भी पूरी नहीं; बच्चों का भविष्य अटका

रीवा। नर्सिंग छात्र-छात्राओं ने लंबित परीक्षाओं और परिणामों को लेकर सोमवार को रीवा कमिश्नर के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने वर्ष 2020, 2021 और 2022 बैच के विद्यार्थियों की समस्याओं का जल्द निराकरण करने की मांग की।

वर्षों से परीक्षा और परिणाम का इंतजार
छात्र-छात्राओं का कहना है कि वे भविष्य में मरीजों की सेवा और स्वास्थ्य व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालेंगे, लेकिन लंबे समय से परीक्षा और परिणाम को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। कई विद्यार्थी वर्षों से अपनी परीक्षा और रिजल्ट का इंतजार कर रहे हैं।
भविष्य और करियर पर असर
विद्यार्थियों ने कहा कि यह केवल परीक्षा या परिणाम का मामला नहीं है, बल्कि उनके भविष्य, शिक्षा, सम्मान और करियर से जुड़ा गंभीर विषय है। लंबित परीक्षाओं और परिणामों के कारण विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई और रोजगार के अवसरों को लेकर भी परेशानी हो रही है।

समय-सीमा तय कर समाधान की मांग
ज्ञापन के माध्यम से छात्रों ने मांग की कि लंबित परीक्षाओं और परिणामों के लिए स्पष्ट समय-सीमा तय की जाए। साथ ही 2020, 2021 और 2022 बैच के विद्यार्थियों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाए।
छात्रों ने अपनी मांग को लेकर कहा- “परीक्षा दो, परिणाम दो, भविष्य सुरक्षित करो।” विद्यार्थियों ने प्रशासन से जल्द न्याय दिलाने की मांग की।