धार में 8 दिन से एक ही जगह पर बैठा नाग: नागपंचमी पर दर्शन को उमड़ी भीड़; ग्रामीणों ने की मंदिर बनाने की मांग

धार। गंधवानी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम साली में पिछले 8 दिनों से सड़क किनारे एक ही स्थान पर डेरा जमाए बैठा नाग लोगों के बीच गहरे कौतूहल और आस्था का केंद्र बना हुआ है। आमतौर पर सांप बेहद संवेदनशील जीव होते हैं जो जरा सी आहट मिलते ही सुरक्षित स्थान की ओर भाग जाते हैं, लेकिन साली गांव में यह नाग बिना स्थान छोड़े लगातार आसपास ही घूम रहा है।
स्थानीय ग्रामीण इसे भगवान भीलट देव का साक्षात चमत्कार मान रहे हैं और भक्तिभाव के साथ इसकी पूजा-अर्चना कर रहे हैं। नाग पंचमी के पावन अवसर पर इस अद्भुत दृश्य को देखने और दर्शन करने के लिए आसपास के इलाकों से भारी संख्या में श्रद्धालु जुट रहे हैं।
ग्रामीण पूरी श्रद्धा से आरती-पूजन कर मन्नतें मांग रहे हैं। इस अनोखे घटनाक्रम को देखते हुए अब स्थानीय लोगों ने शासन-प्रशासन और समाज से इस पवित्र स्थान पर भगवान भीलट देव का भव्य मंदिर बनाए जाने की मांग भी शुरू कर दी है। वीडियो में भी स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि नागदेव एक ही स्थान पर विराजमान हैं। लोगों की भीड़ के बावजूद अविचलित बने हुए हैं, जिसे हर कोई ईश्वर की अद्भुत लीला और आस्था का प्रतीक मान रहा है।