| | |

ESB भर्ती परीक्षा-2026 का रिजल्ट जारी: 14,950 उम्मीदवार दूसरे चरण के लिए पात्र; दस्तावेजों का होगा सत्यापन

भोपाल। कर्मचारी चयन मंडल (ESB) ने वनरक्षक, क्षेत्ररक्षक, जेल प्रहरी और सहायक जेल अधीक्षक भर्ती परीक्षा-2026 का परिणाम जारी कर दिया है। परीक्षा में कुल 14,950 उम्मीदवारों को दूसरे चरण की परीक्षा और चयन प्रक्रिया के लिए पात्र घोषित किया गया है।

पदों के हिसाब से तय हुई चयन प्रक्रिया
सहायक जेल अधीक्षक और जेल प्रहरी के रिक्त पदों के 10 गुना तथा वनरक्षक और क्षेत्ररक्षक के रिक्त पदों के 5 गुना अभ्यर्थियों को मेरिट और आरक्षण नियमों के आधार पर दूसरे चरण के लिए बुलाया जाएगा। भर्ती के लिए ऑनलाइन परीक्षा 4 जून से 20 जून तक आयोजित की गई थी।

आपत्तियों के बाद तैयार हुआ रिजल्ट
ऑनलाइन परीक्षा के बाद ESB ने आदर्श उत्तर कुंजी वेबसाइट पर जारी कर अभ्यर्थियों से आपत्तियां मांगी थीं। विषय विशेषज्ञों की समिति ने प्राप्त आपत्तियों पर विचार करने के बाद उत्तरों को अंतिम रूप दिया। इसी अंतिम उत्तर कुंजी के आधार पर परीक्षा परिणाम तैयार किया गया है।

अभी सभी उम्मीदवारों के अंक नहीं किए जारी
ESB के अनुसार वन एवं जेल विभाग और वन विकास निगम लिमिटेड के निर्देशों के तहत वर्तमान परिणाम में सभी उम्मीदवारों के प्राप्तांक प्रदर्शित नहीं किए गए हैं। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अभ्यर्थियों के अंक वेबसाइट पर उपलब्ध कराए जाएंगे।

दूसरे चरण में दस्तावेजों का होगा सत्यापन
ऑनलाइन आवेदन के समय अभ्यर्थियों से दस्तावेज, अंकसूची और प्रमाण-पत्र नहीं लिए गए थे। इसलिए दूसरे चरण में पात्र उम्मीदवारों की श्रेणी, संवर्ग, लिंग, जन्मतिथि, मध्यप्रदेश का स्थायी निवासी होने सहित अन्य पात्रताओं से जुड़े दस्तावेजों का सत्यापन संबंधित विभाग करेगा।

अभ्यर्थी अपना परीक्षा परिणाम और दूसरे चरण के लिए पात्र उम्मीदवारों की जानकारी ESB की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं। मंडल ने यह भी स्पष्ट किया है कि भविष्य में कोई तकनीकी त्रुटि सामने आने पर परिणाम में आवश्यक सुधार करने का अधिकार उसके पास सुरक्षित रहेगा।

परीक्षा एवं पद विवरण

  • कुल पद: 1,679 रिक्तियां
  • विभाग: वन विभाग एवं जेल विभाग (मध्य प्रदेश)
  • लिखित परीक्षा तिथि: 4 जून से 20 जून 2026
  • चयन प्रक्रिया: प्रथम चरण (लिखित परीक्षा) के बाद अब दूसरे चरण में शारीरिक दक्षता, माप परीक्षण (PET/PFT) होगा।

रिक्त पदों की संख्या

  • जेल प्रहरी: 757 पद
  • वन रक्षक: 728 पद
  • क्षेत्र रक्षक: 169 पद
  • सहायक जेल अधीक्षक: 25 पद
Share