देशभक्ति और संस्कृति का संगम: आलीराजपुर में स्कूलों ने दी रंगारंग प्रस्तुतियां; उत्कृष्ट कर्मचारी सम्मानित

आलीराजपुर। स्वतंत्रता दिवस समारोह में देशभक्ति के जज्बे के साथ जिले की संस्कृति और विद्यार्थियों की प्रतिभा का शानदार संगम देखने को मिला। सामूहिक पीटी प्रदर्शन में विद्यार्थियों ने अनुशासन और ऊर्जा का परिचय दिया। इसके बाद विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
अलग-अलग थीम पर दी शानदार प्रस्तुतियां
नवोदय विद्यालय की छात्राओं ने महाभारत की थीम पर नारी सशक्तिकरण का संदेश दिया। पीएम श्री कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ने लोक नृत्य, पटेल पब्लिक स्कूल ने डिजिटल इंडिया और डॉन बॉस्को विद्यालय ने ‘अखंडता में एकता’ की थीम पर सांस्कृतिक प्रस्तुति दी।

विकास पुस्तिका का विमोचन, कर्मचारियों का सम्मान
समारोह में कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान ने जिले के विकास कार्यों पर आधारित विकास पुस्तिका का विमोचन किया। इसके बाद वर्षभर बेहतर कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मंत्री चौहान, कलेक्टर नीतू माथुर, सांसद श्रीमती अनिता नागरसिंह चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हतरीबाई खरत और पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह ने सम्मान किया।
मार्च पास्ट में एसएफ पुलिस रही अव्वल
मार्च पास्ट प्रतियोगिता में एसएफ पुलिस बल ने पहला, जिला पुलिस बल ने दूसरा और महिला पुलिस बल ने तीसरा स्थान हासिल किया। शौर्य दल में महिला एवं बाल विकास विभाग प्रथम, पीएम श्री गाइड कन्या उमावि द्वितीय और शासकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय बहारपुरा की गाइड तृतीय रही।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में नवोदय प्रथम
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में नवोदय विद्यालय ने पहला, पटेल पब्लिक स्कूल ने दूसरा और डॉन बॉस्को विद्यालय ने तीसरा स्थान हासिल किया। विजेता दलों को सम्मानित किया गया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ। इस दौरान पूरा परिसर देशभक्ति के नारों और तालियों की गूंज से सराबोर नजर आया।