इंदौर में सेल्फी ले रहे युवकों से लूट के आरोपी गिरफ्तार: मारपीट कर कार और दो मोबाइल छीने थे; टोल प्लाजा के कैमरों से मिला सुराग

इंदौर। शिप्रा थाना पुलिस ने सेल्फी ले रहे पांच युवकों के साथ हुई लूट की वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब फरार तीन अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।

टोल प्लाजा के कैमरों से मिला सुराग
पांच युवक देर रात एक स्थान पर सेल्फी ले रहे थे। इसी दौरान बदमाश वहां पहुंचे और युवकों के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने युवकों की कार और दो मोबाइल फोन छीन लिए और मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही शिप्रा पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस टीम ने आसपास के क्षेत्रों के करीब 200 सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच के दौरान टोल टैक्स से गुजरते समय बदमाशों की तस्वीरें कैमरों में कैद मिलीं, जिससे पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिली।

गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी
CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों से वारदात के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि फरार तीन अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
ग्रामीण पुलिस अधीक्षक राजेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि मामले का खुलासा CCTV फुटेज और तकनीकी जांच की मदद से किया गया है। जल्द ही फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।